Gurugram News : पुलिस नाके पर होमगार्ड को कुचलने वाला ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि होमगार्ड संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी ने मौके पर खड़ी एक मारुति ब्रेजा कार को भी अपनी चपेट में ले लिया।

Gurugram News : साइबर सिटी के सेक्टर-65 इलाके में गफलत और लापरवाही से तेज रफ्तार ट्रक चलाकर पुलिस बैरिकेड्स तोड़ने और ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड जवान को कुचलकर मार डालने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोहना क्राइम ब्रांच की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने नाके पर खड़े जवान के अलावा वहाँ खड़ी एक कार को भी टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था।

घटना बीते 2 जून 2026 की रात की है। सेक्टर-65 थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि वर्ल्डमार्क मॉल के सामने लगाए गए पुलिस नाके पर एक बेकाबू ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी है। नाके पर तैनात सेक्टर-65 थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) देवेंद्र कुमार ने बताया कि वे अपनी टीम के साथ चेकिंग ड्यूटी पर थे। इसी दौरान एक सीमेंट मसाला मिक्सचर ट्रक बेहद तेज गति और लापरवाही से आया। ड्राइवर ने नाके पर लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए वहाँ मुस्तैद होमगार्ड जवान संदीप को सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि होमगार्ड संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद आरोपी ने मौके पर खड़ी एक मारुति ब्रेजा कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस टीम ने तुरंत घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी का सीमेंट मिक्सचर ट्रक जब्त कर लिया था, लेकिन ड्राइवर भागने में कामयाब रहा था।

क्राइम ब्रांच सोहना की टीम लगातार आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुटी थी। 13 जून को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सोहना क्षेत्र में छिपा हुआ है। जब पुलिस टीम उसे पकड़ने पहुंची, तो पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की।

इसी आपाधापी में गिरने के कारण उसके पैर में गंभीर चोट आ गई। पुलिस ने मानवीय आधार पर पहले उसे इलाज के लिए सेक्टर-10 के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज पूरा होने के बाद सोमवार, 15 जून को पुलिस ने उसे अस्पताल से ही आधिकारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान 34 वर्षीय मंटू कुमार यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया कोठी थाना अंतर्गत मोजा बंगरा गांव का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के भोंडसी स्थित रिठौज रोड पर रह रहा था।

पुलिस पूछताछ में मंटू ने कबूल किया कि वह पिछले 3 साल से यह सीमेंट मसाला मिक्सचर ट्रक चला रहा है। वारदात वाली रात वह गफलत में गाड़ी चला रहा था और रफ्तार पर काबू न होने के कारण यह हादसा हो गया। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया गया है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button