Haryana News: हरियाणा के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका, 3 साल बाद इतनी महंगी हुई बिजली

Haryana News: सरकार ने प्रदेश के 81 लाख बिजली उपभोक्ताओं को झटका दिया है। तीन साल बाद बिजली की दरों में बढ़ोतरी की गई है। अब हर यूनिट पर 20 पैसे ज्यादा चुकाने होंगे। ये नई दरें 1 अप्रैल से लागू हो गई हैं। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग ने मंगलवार देर रात वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए टैरिफ दरें जारी कर दीं।
कृषि बिजली की दर में भी बढ़ोतरी की गई है। पहले यह 6.48 रुपये प्रति यूनिट थी, अब यह 7.35 रुपये हो गई है। सरकार किसानों से सिर्फ 10 पैसे प्रति यूनिट लेती है। ऐसे में सरकार पर सब्सिडी का बोझ और बढ़ जाएगा। इंडस्ट्री की बिजली दरों में भी बढ़ोतरी की गई है।
हाईटेंशन लाइन सप्लाई की दर 30 से 35 पैसे प्रति यूनिट तक बढ़ाई गई है। छोटी फैक्ट्रियों की एलटी सप्लाई में 10 से 15 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। बल्क सप्लाई की दरों में 40 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है।
वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को अब 0 से 50 यूनिट तक खपत करने पर 2 रुपये की जगह 2.20 रुपये प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा। 51 से 100 यूनिट तक खपत करने पर 2.50 रुपये की जगह 2.70 रुपये प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा।
यानी 100 यूनिट खपत करने पर अब 20 रुपये अधिक बिल आएगा। घरेलू उपभोक्ताओं को अब 2.75 रुपये की जगह 2.95 रुपये प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा। 151 से 250 यूनिट तक की दर पहले की तरह 5.25 रुपये प्रति यूनिट रहेगी।
251 से 500 यूनिट तक की दर 6.30 रुपये से बढ़कर 6.45 रुपये प्रति यूनिट हो गई है। 300 से 500 यूनिट खपत होने पर लोड के हिसाब से फिक्स चार्ज देना होगा। 50 रुपये प्रति किलोवाट जोड़ा जाएगा। जैसे 6 किलोवाट लोड पर 300 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
अगर आप 501 से 800 यूनिट तक बिजली खपत करते हैं तो आपको 7.10 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिल देना होगा। इसके अलावा अगर आप 500 यूनिट से ज्यादा बिजली खपत करते हैं तो आपको प्रति किलोवाट 50 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।