Haryana: हरियाणा के गुरुग्राम शहर में बिना फायर एनओसी चल रहे शराब के 15 से अधिक गोदाम

Haryana: हरियाणा के गुरुग्राम मे मिलेनियम सिटी में नियमों को अनदेखा करके 15 से अधिक शराब के गोदाम बिना फायर एनओसी के ही चल रहे हैं। इसके अलावा शराब के इन गोदामों में आगजनी से सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। गोदाम संचालकों के पास फायर एनओसी यानी अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं है। शराब में अल्कोहल की मात्रा होती है और आग लगने पर बड़ा हादसा हो सकता है।
इसका ताजा उदाहरण सरस्वती एंकलेव में मंगलवार देर रात को वेयर हाउस के साथ शराब के गोदाम में लगी आग है। दमकल विभाग की 22 गाड़ियों ने 11 घंटे में इस आग पर काबू पाया। आसपास रिहायशी क्षेत्र होने के कारण लोगों को पूरी रात भय के साए में निकाली। बता दें कि शहर में 15 से अधिक जगहों पर शराब के गोदाम संचालित किए जा रहे हैं। इन गोदामों में लाखों बोतलें शराब की होती है।
अवैध रूप से बने हैं सभी गोदाम
शहर में ज्यादातर शराब के गोदाम एल-1, एल-1 बी, एल-13 अस्थायी शेड में बने हुए हैं। इन गोदामों का बिल्डिग प्लान भी मंजूर नहीं हैं। इसके बाद भी यह गोदाम निगम के क्षेत्राधिकार और कुछ गोदाम एचएसवीपी के जमीनों पर संचालित हो रहे हैं। इसको लेकर इन विभागों से कोई अनुमति नहीं ली हुई है। आरोप है कि सभी शराब के गोदाम अधिकारियों की मिलीभगत से ही चल रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक यह सभी गोदाम शहर के बीच में ही संचालित किए जा रहे हैं। नियमों के अनुसार आबकारी विभाग द्वारा उसी एजेंसी या कंपनी को शराब का गोदाम संचालित करने की अनुमति दी जाती है, जिसके बाद फायर विभाग से फायर एनओसी होती है। बिना फायर एनओसी के आबकारी विभाग द्वारा इनको संचालित करने की अनुमति नहीं दी जाती है। जबकि गुरुग्राम आबकारी विभाग द्वारा इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।

शराब के गोदाम शहर से बाहर होने चाहिए, लेकिन सेक्टर-40, राजीव नगर, सेक्टर 17-18, ज्वाला मिल के नजदीक सहित अन्य कई जगहों पर रिहायशी इलाकों में शराब के गोदाम बने हुए हैं। आगजनी होने पर जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। मंगलवार की रात को भी सरस्वती एंकलेव में मौजूद एक शराब के गोदाम में आग लग गई थी। जिसमें करोड़ों रुपयों की शराब जल गई।










