Haryana Board Exam : हरियाणा बोर्ड परीक्षाएं अगले हफ्ते से, CCTV कैमरों से होगी निगरानी, जानें कब आएगा रिजल्ट
छात्रों और अभिभावकों के लिए सबसे बड़ी खबर परिणामों को लेकर है। बोर्ड चेयरमैन ने संकेत दिए हैं कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य युद्ध स्तर पर पूरा किया जाएगा

Haryana Board Exam : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की 10वीं और 12वीं की फरवरी माह में अगले सप्ताह से शुरू हो रही है। परीक्षाओं को नकल रहित करवाने के लिए बोर्ड प्रशासन ने इस बार तकनीक का सहारा लिया है। परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए इस बार कड़े इंतजाम किए गए हैं। बोर्ड के चेयरमैन प्रो. (डॉ.) पवन कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया है कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी।
चेयरमैन डॉ. पवन कुमार शर्मा ने बताया कि प्रदेश भर के परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी सर्विलांस के जरिए सीधी नजर रखी जाएगी। बोर्ड मुख्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से किसी भी केंद्र की गतिविधियों को लाइव देखा जा सकेगा। यदि किसी केंद्र पर संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है, तो तुरंत फ्लाइंग स्क्वाड को सूचित कर कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों और अभिभावकों के लिए सबसे बड़ी खबर परिणामों को लेकर है। बोर्ड चेयरमैन ने संकेत दिए हैं कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य युद्ध स्तर पर पूरा किया जाएगा, ताकि छात्रों का अगला शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो। उन्होंने बताया कि बोर्ड का लक्ष्य है कि 15 मई तक 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए जाएं।
परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे बिना किसी तनाव के परीक्षा दें और अपनी मेहनत पर भरोसा रखें। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल परीक्षा लेना नहीं, बल्कि एक पारदर्शी और विश्वसनीय मूल्यांकन प्रणाली प्रदान करना है। नकल मुक्त परीक्षा से ही मेधावी छात्रों को उनका असली हक मिल पाएगा।
परीक्षा केंद्र पर बाहरी हस्तक्षेप और नकल के मामले मिलने को लेकर पंचायतों से सहायता ली गई है। पंचायतों से आग्रह रहेगा कि किसी प्रकार की भीड़ ना हो। साथ ही पुलिस का भी लिया है और पीसीआर का भी राउंड रहेगा। इसके अलावा उड़नदस्ते काम करेंगे। अगर किसी सेंटर पर अनियमितता मिलती है तो उस सेंटर को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और उस केंद्र को कैंसिल किया जाएगा।
अगर ऐसी घटना होती है तो जिला मुख्यालय पर ही पेपर देने के लिए विद्यार्थियों को आना पड़ेगा। जो स्टॉफ सदस्य ड्यूटी में कोताही बरतते हुए मिले हैं, उन्हें ब्लैक लिस्ट किया गया है। उन्हें ड्यूटी में शामिल नहीं किया गया है। सभी शिक्षक इस परीक्षा को गंभीरता से लें। अगर किसी प्रकार से ढील बरती जाएगी तो सख्ती से विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षाओं में नकल और अन्य अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए 325 फलाइंग स्कवैड करीब 1420 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। इनमें बोर्ड अध्यक्ष-1, बोर्ड उपाध्यक्ष-1, बोर्ड सचिव-1, उप सचिव-1, सहायक सचिव (संचालन)-1, उपायुक्त उड़नदस्तें-22, उप-मंडल (ना) उड़नदस्तें-69, बोर्ड अध्यक्ष विशेष उड़नदस्ते-22, बोर्ड उपाध्यक्ष विशेष उड़नदस्ते-22, बोर्ड सचिव विशेष उड़नदस्ते-22, जिला शिक्षा अधिकारी उड़दस्ते-22, जिला प्रश्र पत्र उड़नदस्ते-22, उप-मंडल प्रश्र पन्न उड़नदस्ते-48, संग्रहण केंद्र उड़नदस्ते-22, रैपिड एक्शन फोर्स के उड़नदस्ते-21, एसटीएफ के उड़नदस्ते-21, नियंत्रण कक्ष उड़नदस्ते-7 गठित किए गए हैं।
बाहरी हस्तक्षेप की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा धारा-163 लागू की जाएगी और परीक्षा केंद्र की 100 मीटर की परिधि के अंदर यदि कोई व्यक्ति अनावश्यक रूप से घूमता मिलता है या नकल करवाने में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार पुलिस प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बोर्ड परीक्षाओं में करीब 1420 परीक्षा केंद्रों पर कुल 5 लाख 71 हजार 767 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिसमें सेकेंडरी (10वीं) के 1 लाख 55हजार 027 छात्र और 1 लाख 4 हजार 721 छात्राएं तथा सीनियर सेंकेडरी (12वीं) के 1 लाख 41 हार 566 छात्र और 1 लाख 29 हजार 97 छात्राएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डीएलएड परीक्षा मे 5 हजार356 छात्र अध्यापक शामिल होंगे।









