मां ने डांटा तो घर से निकल गए भाई-बहन, Gurugram Police ने 30 CCTV कैमरे खंगाल कर 18 घंटों में ढूंढ निकाला

Gurugram Police : गुरुग्राम के सेक्टर 10 इलाके में एक मां ने अपने बच्चों को शरारत करने पर डांट दिया तो 12 और 13 साल के भाई बहन ने घर छोड़ दिया और रात को घर से निकल गए । मामला गुरुग्राम पुलिस तक पहुंचा तो पुलिस ने भी तत्परता दिखाई और 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर मात्र 18 घंटों में बच्चों को सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलाया ।
गुरुग्राम के सेक्टर-10 थाना इलाके से लापता हुए 12 और 13 साल के दो बच्चों को पुलिस ने महज 18 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया । बच्चों के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद थाना सेक्टर-10 पुलिस और मिसिंग पर्सन सेल पश्चिम की टीम ने तुरंत तलाश शुरू की थी ।
मां की डांट से नाराज होकर घर से निकले थे बच्चे
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को उत्तर प्रदेश के मूल निवासी एक व्यक्ति ने अपने 12 और 13 वर्षीय बच्चों के गुम होने की सूचना पुलिस को दी थी। शिकायत मिलने के बाद थाना सेक्टर-10 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाश करने के साथ करीब 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
शनि मंदिर के पास मिले दोनों बच्चे
लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 26 सितंबर को सेक्टर-37 स्थित शनि मंदिर के पास से दोनों बच्चों को सकुशल ढूंढ निकाला।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि बच्चे अपनी मां की डांट से नाराज होकर घर से चले गए थे। घर वापस नहीं लौटने पर उन्होंने रात एक पार्क में बिताई। इसके बाद वे पास ही स्थित शनि मंदिर, सेक्टर-37, गुरुग्राम पहुंच गए, जहां पुलिस टीम ने उन्हें तलाश लिया।
CWC की काउंसलिंग के बाद परिजनों को सौंपा
पुलिस ने आवश्यक पूछताछ और बाल कल्याण समिति (CWC) की काउंसलिंग कराने के बाद सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद दोनों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया । बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस का आभार जताया।
गुरुग्राम पुलिस की अभिभावकों से अपील
गुरुग्राम पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि वे छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखें। यदि कोई बच्चा गुम हो जाता है या भटका हुआ बच्चा मिलता है तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना/चौकी या डायल-112 पर सूचना दें । गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा है कि वह नागरिकों की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए 24×7 तत्पर है।
