Gurugram में Car Stunt करने वालों पर नकेल, तीन महीने में 13 FIR दर्ज, 28 गिरफ्तार

Car Stunt : गुरुग्राम में सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस द्वारा सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है। सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी से संबंधित वीडियो एवं गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए ऐसे व्यक्तियों की पहचान की जा रही है, जो सार्वजनिक सड़कों को स्टंटबाजी का मैदान बनाकर अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं।

पुलिस आयुक्त के आदेशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त यातायात के निर्देशन में गठित दो विशेष STU (Special Task Unit) टीमों द्वारा स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इन टीमों द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले स्टंटबाजी के वीडियो एवं अन्य उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

Car Stunt वाले 28 गिरफ्तार

इसी अभियान के तहत पिछले तीन महीनों में स्टंटबाजी से संबंधित मामलों में कुल 13 FIR दर्ज की गई हैं तथा 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई दर्शाती है कि गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और स्टंटबाजी के माध्यम से दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के विरुद्ध पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।

जांच एवं निगरानी के दौरान विशेष रूप से ऐसे मामलों पर ध्यान दिया जा रहा है, जिनमें युवक बाइक से व्हीली करना, तेज रफ्तार में खतरनाक तरीके से वाहन चलाना, सड़क पर वाहनों को लहराना तथा सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने के लिए जानलेवा करतब दिखाना शामिल है। ऐसे कृत्य न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हैं, बल्कि किसी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण भी बन सकते हैं।

गुरुग्राम पुलिस आमजन, विशेषकर युवाओं से अपील करती है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी को खतरे में न डालें। अभिभावक भी अपने बच्चों की वाहन चलाने संबंधी गतिविधियों पर ध्यान दें और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।

गुरुग्राम पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी का वीडियो डालकर कानून से बचा नहीं जा सकता। ऐसे वीडियो पुलिस की निगरानी में हैं और स्टंटबाजी करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सड़कें सुरक्षित आवागमन के लिए हैं, खतरनाक करतब दिखाने के लिए नहीं।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤