Special Task Force : गुरुग्राम में रील्स बनाने से पहले पढ़ लें ये ख़बर, पुलिस ने ‘रीलबाज़ों’ को पकड़ने के लिए स्पेशल टीम बनाई

Special Task Force : गुरुग्राम की सड़कों पर स्टंटबाज़ी कर लोगों की जिंदगियों को खतरे में डालने वालें लोगों पर लगाम लगाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने कमर कस ली है । अब ऐसे रीलबाज़ों को पकड़ने और उन्हें सबक सिखाने के लिए गुरुग्राम पुलिस द्वारा स्पेशल एन्फोर्समेंट टास्क फोर्स का गठन किया गया है । जो स्पेशली इसी तरह के मामलों में एक्शन लेगी ।
गुरुग्राम में रोड रेज, खतरनाक व लापरवाह वाहन चलाने, स्टंट ड्राइविंग, ओवर स्पीडिंग, सोशल मीडिया पर रील/वीडियो बनाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने, रॉन्ग साइड वाहन चलाने, मॉडिफाइड वाहनों से सार्वजनिक उपद्रव फैलाने तथा अन्य जानलेवा यातायात उल्लंघनों की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (यातायात), गुरुग्राम के पर्यवेक्षण में 02 विशेष ट्रैफिक एनफोर्समेंट टास्क फोर्स टीमें गठित की गई हैं।
गठित की गई विशेष टॉस्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य रोड रेज की घटनाएं, खतरनाक, तेज एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाना, स्टंट ड्राइविंग एवं ओवर स्पीडिंग, सोशल मीडिया रील/वीडियो बनाने के लिए यातायात नियमों का गंभीर उल्लंघन, एवं अन्य जानलेवा यातायात उल्लंघन, सार्वजनिक सुरक्षा अथवा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली अन्य यातायात संबंधी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी एवं सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना होगा।
विशेष टॉस्क फोर्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल होने वाली ऐसी वीडियो एवं पोस्ट पर भी लगातार निगरानी रखेगी। उल्लंघनकर्ताओं की पहचान करके उन्हें चिन्हित किया जाएगा तथा उनके विरुद्ध विधि अनुसार सख्त व प्रभावी कानूनी की जाएगी। पुलिस उपायुक्त यातायात, गुरुग्राम द्वारा दोनों टॉस्क फोर्स की कार्यवाही की नियमित समीक्षा की जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस आमजन से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें तथा सड़क पर किसी भी प्रकार की स्टंटबाजी, रश ड्राइविंग, रोड रेज अथवा सोशल मीडिया प्रसिद्धि के लिए किए जाने वाले खतरनाक कृत्यों से बचें। ऐसे कृत्यों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध गुरुग्राम पुलिस त्वरित व सख्त कानूनी कार्यवाही करने के लिए तत्पर है।