गुरुग्राम के Farmhouse में चल रहे अवैध कैसीनो पर पुलिस का छापा, 18 गिरफ्तार, 1295 कैसीनो चिप्स, 260 ताश के पत्ते और 3 गैंबलिंग टेबल बरामद

Farmhouse : गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 की टीम ने भोंडसी इलाके में एक फार्म हाउस में चलाए जा रहे अवैध कैसीनो पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 लोगों को जुआ खेलते और खिलाते हुए गिरफ्तार किया है । पुलिस ने मौके से 1295 कैसीनो चिप्स (कॉइन), 260 ताश के पत्ते और 3 गैंबलिंग टेबल भी बरामद की हैं।

गोल्डन लीफ फार्म पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को अपराध शाखा सेक्टर-31 की टीम ने सूचना के आधार पर महेंद्रवाड़ा स्थित गोल्डन लीफ फार्म पर छापेमारी की । यहां फार्म हाउस के अंदर अवैध तरीके से कैसीनो जैसा जुआ संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते और खिलाते हुए काबू कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेश उर्फ मैसी, मयंक, सुरेश कुमार, सौरभ, दर्शन चौधरी, अंकित अडलखा, सुनील, नरेंद्र, मुकुल, दिनेश सिंह, विनीत तनेजा, कैलाश, सौरभ चुघ, वैभव तायल, विशाल गांधी, विकास, बाल गोपाल और कृष्ण तनेजा के रूप में हुई है।

भारी मात्रा में कैसीनो सामग्री बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1295 कैसीनो चिप्स (कॉइन), 260 ताश के पत्ते, 3 गैंबलिंग टेबल बरामद किए हैं । पुलिस का कहना है कि इन सामानों का उपयोग अवैध कैसीनो संचालन में किया जा रहा था ।

जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ थाना भोंडसी में जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

आरोपियों पर पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी महेश उर्फ मैसी के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी से जुड़े दो मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं नरेंद्र के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी कैलाश के खिलाफ भी जिला फरीदाबाद में जुआ खेलने के दो मामले पहले से दर्ज पाए गए हैं।

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि फार्म हाउस में यह अवैध कैसीनो कब से संचालित किया जा रहा था, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और क्या इस नेटवर्क से अन्य लोग भी जुड़े हुए हैं।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button