भारी बारिश के बीच गुरुग्राम पुलिस की बड़ी अपील, कुछ दिन करें Work From Home, कई स्कूलों में ऑनलाइन क्लास

Work From Home : गुरुग्राम में अगले कुछ दिनों तक भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों और कॉर्पोरेट कंपनियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने कहा है कि शहर की प्रमुख सड़कों और चौराहों पर जलभराव तथा ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है। ऐसे में कंपनियां अपने कर्मचारियों को Work From Home (WFH) की सुविधा उपलब्ध कराएं, ताकि अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम हो सके।

जलभराव और ट्रैफिक जाम की आशंका

गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, लगातार हो रही बारिश और आगामी दिनों में संभावित भारी वर्षा के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इससे मुख्य सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लगने की आशंका है, जिसका असर आम नागरिकों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं पर भी पड़ सकता है।

कंपनियों से Work From Home लागू करने की अपील

पुलिस ने कॉर्पोरेट कार्यालयों, निजी कंपनियों और अन्य संस्थानों से अनुरोध किया है कि वे अगले कुछ दिनों के लिए कर्मचारियों को घर से काम (Work From Home) करने की अनुमति दें। इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी और ट्रैफिक पुलिस को यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।

पहली बारिश से ही चरमराई व्यवस्था

मंगलवार को जब मॉनसून की पहली बारिश हुई तो उसके साथ ही गुरुग्राम जिला प्रशासन द्वारा जलभराव और जाम से निपटने की सारी तैयारियों पर पानी फिर गया । गुरुग्राम के कई इलाकों में भारी जलभराव हुआ, सड़कों पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया । दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर सड़क धंसने की वजह से दिल्ली की तरफ 10 किलोमीटर से भी लंबा जाम लग गया जिससे लोगों को कई घंटो सड़कों पर ही बिताने पड़े । इन्ही सभी समस्याओ को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है ।

कई स्कूलों में ऑनलाइन लगेगी क्लासेस

मंगलवार की बारिश के बाद गुरुग्राम के जो हालात हुए उसको देखते हुए गुरुग्राम के कई स्कूलों में आज से ऑनलाइन क्लासेस लगाने का फैसला किया है क्योंकि मंगलवार दोपहर हुई बारिश के बाद जब स्कूलों की छुट्टियां हुई तो हज़ारों स्कूल बसें कई घंटों तक जाम में फंसी रही जिसकी वजह से स्कूल छात्र देर शाम तक अपने अपने घर पहुंचे ऐसे में अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गए थे ।

आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी राहत

गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि यदि अनावश्यक वाहनों की संख्या कम होती है तो एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं का आवागमन बिना किसी बाधा के जारी रहेगा। साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन टीम भी शहर में बेहतर तरीके से यातायात नियंत्रित कर सकेगी।

नागरिकों से सहयोग की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सहयोग करें। नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें सभी का सहयोग आवश्यक है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button