Gurugram Police की बड़ी चूक! आरोपी पुलिस टीम की कार लेकर भागा, SHO समेत 4 पर गिरी गाज

Gurugram Police : मध्यप्रदेश के धार जिले से धोखाधड़ी के आरोपी को पकड़ कर ला रही गुरुग्राम पुलिस की टीम समेत चार पुलिस कर्मियों पर गाज गिरी है क्योंकि आरोपी पुलिस कर्मियों की निजी गाड़ी लेकर ही फरार हो गया । गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर ने दो पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है जबकि सेक्टर 14 थाने के SHO और MHC के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं ।
प्राइवेट गाड़ी में पकड़ने गए तो गिरी गाज
जिस गाड़ी में आरोपियों को पकड़कर पुलिस टीम आ रही थी दरअसल वो गाड़ी भी पुलिसवालों की नहीं बल्कि धोखाधड़ी के मामले के शिकायतकर्ता की थी । कई घटनाओं में आरोपी पुलिस की गिरफ्त से फरार हो जाते हैं लेकिन गुरुग्राम पुलिस टीम के साथ हुई घटना अलग है क्योंकि इस मामले में गुरुग्राम पुलिस की टीम अपनी प्राइवेट गाड़ी से आरोपी को पकड़कर सड़क के रास्ते गुरुग्राम ला रही थी जो कि एक बड़ी लापरवाही है ।
पेट्रोल पंप पर चकमा देकर हुए फरार
गुरुग्राम में धोखाधड़ी के मामले में सेक्टर 14 थाने की एक टीम मध्यप्रदेश के धार जिले में प्रकाश रज्जाक नाम के एक आरोपी को पकड़कर वापिस गुरुग्राम ला रही थी । पुलिस टीम जिस गाड़ी में आरोपी को पकड़कर ला रही थी वो धोखाधड़ी की शिकायत करने वाले पीडित की गाड़ी थी । इसी गाड़ी में आरोपी के साथ आरोपी का पिता भी मौजूद था ।
1 जुलाई को जब मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ चौकड़ी में एक पेट्रोल पंप पर पुलिस वालों ने गाड़ी में पेट्रोल डलवाने और वॉशरुम इस्तेमाल करने के लिए गाड़ी रोकी तो आरोपी ने पुलिस कर्मियो के गाड़ी से उतरते ही गाड़ी का स्टेयरिंग संभाला और पुलिस की गाड़ी लेकर मौक से फरार हो गए ।
CCTV सामने आने से मची खलबली
आरोपियों के पुलिस गिरफ्त से भागने का एक सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें पुलिस वाले आरोपियों के भागने के बाद लाचार नजर आ रहे हैं । घटना के बाद गुरुग्राम पुलिस कमिश्रनर ने एक्शन लेते हुए चार पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की है ।
SHO समेत चार पुलिसवालों पर गिरी गाज
मामले में संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस के उच्च अधिकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों द्वारा शिकायतकर्ता के निजी वाहन के प्रयोग के कारण तथा ड्यूटी में लापरवाही करने वाले पुलिस कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही की है। अधिकारियों द्वारा MHC तथा प्रबंधक थाना सैक्टर-14, गुरुग्राम के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश जारी किए हैं तथा घटना में दो अन्य पुलिसकर्मियों को लापरवाही के कारण निलंबित किया गया है ।