HTET Exam 2026: आज से अध्यापक पात्रता परीक्षा, 22 केंद्रों पर 15,367 अभ्यर्थी ठोकेंगे ताल, प्रशासन के कड़े इंतजाम

कोचिंग सेंटर और फोटोस्टेट की दुकानें बंद, नकल रोकने के लिए कड़ा सुरक्षा घेरा तैयार

HTET Exam : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा आयोजित होने वाली हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET Exam)-2026 आज (4 जुलाई) से शुरू हो रही है। गुरुग्राम जिला प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह से नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले के 22 परीक्षा केंद्रों पर इस बार कुल 15,367 अभ्यर्थी शिक्षक बनने की इस महत्वपूर्ण परीक्षा में शामिल होंगे। गुरुग्राम के उपायुक्त (DC) उत्तम सिंह ने सभी संबंधित विभागों को मुस्तैद रहने और सुरक्षा व परिवहन के पुख्ता इंतजाम करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

HTET Exam : तीन शिफ्टों में होगा परीक्षा का आयोजन: नोट कर लें समय

डीसी उत्तम सिंह के अनुसार, दो दिनों तक चलने वाली यह परीक्षा तीन अलग-अलग श्रेणियों (लेवल) में आयोजित की जा रही है:

  • 4 जुलाई (शनिवार) – लेवल-3 (PGT): दोपहर 3:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक (कुल 4,674 अभ्यर्थी)।

  • 5 जुलाई (रविवार) – लेवल-2 (TGT): सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक (कुल 6,984 अभ्यर्थी)।

  • 5 जुलाई (रविवार) – लेवल-1 (PRT): दोपहर 3:00 बजे से सायं 5:30 बजे तक (कुल 3,709 अभ्यर्थी)।

HTET Exam :चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर, लागू हुई धारा 163

परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा चक्र बेहद मजबूत कर दिया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 लागू कर दी गई है, जिसके तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में चार या उससे अधिक लोगों के एक साथ जमा होने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। साथ ही, लाठी, डंडा या किसी भी प्रकार का हथियार ले जाने पर सख्त मनाही है।

HTET Exam : बड़ी पाबंदी: परीक्षा के दौरान (4 व 5 जुलाई) सुबह 9:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक परीक्षा केंद्रों के आसपास की सभी फोटोकॉपी (फोटोस्टेट) की दुकानें और कोचिंग संस्थान पूरी तरह से बंद रहेंगे।

HTET Exam : अभ्यर्थियों के लिए विशेष गाइडलाइंस: गैजेट्स पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से परीक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है।

  • परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल फोन, पेजर, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ या अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

  • अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की हड़बड़ी से बचने के लिए तय समय से काफी पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।

HTET Exam : परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए विशेष बसें

बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने विशेष परिवहन व्यवस्था की है। रोडवेज और स्थानीय परिवहन को रूटों पर मुस्तैद रहने को कहा गया है ताकि अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित हो सके। डीसी उत्तम सिंह ने आमजन से भी अपील की है कि वे परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button