Gurugram News : 20 सितंबर को विदा होगा मॉनसून, बारिश का फिर जारी हुआ अलर्ट
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बंगाल की खाड़ी तक फैली मानसून ट्रफ और हिमाचल प्रदेश पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण 17 से 19 सितंबर तक राज्य में नमी वाली हवाएं चलेंगी

Gurugram News : हरियाणा में मॉनसून की विदाई से पहले एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के कई हिस्सों में आज हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 17 से 19 सितंबर तक कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद, 20 सितंबर से मानसून की वापसी के साथ ही मौसम के साफ होने की उम्मीद है।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार जींद, कैथल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। बाकी जिलों में दिनभर मौसम साफ रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि बंगाल की खाड़ी तक फैली मानसून ट्रफ और हिमाचल प्रदेश पर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण 17 से 19 सितंबर तक राज्य में नमी वाली हवाएं चलेंगी, जिससे बारिश की संभावना बन रही है।
17 से 19 सितंबर के दौरान उत्तरी हरियाणा के जिलों जैसे अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल और पानीपत में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी और दक्षिणी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी, जींद, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल में हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
इस साल मानसून सीजन में हरियाणा में सामान्य से 40 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, भारी बारिश और जलभराव के कारण फसलों को भारी नुकसान हुआ है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य के 6,300 से ज्यादा गांवों में 29 लाख एकड़ से अधिक फसलें प्रभावित हुई हैं।
किसानों को मुआवजा देने के लिए खोला गया ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल 15 सितंबर को बंद हो गया है। सबसे ज्यादा नुकसान भिवानी, जींद, हिसार, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ में दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 20 सितंबर के बाद एक एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है, जिसके चलते मानसून की सक्रियता कम हो जाएगी। इससे राज्य में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा, लेकिन बारिश की संभावना बहुत कम हो जाएगी, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिलेगी।









