Gurugram News : कुख्यात अपराधी बंदर के अवैध कब्जे से छुड़ाई 25 करोड़ की सरकारी जमीन

इतना ही नहीं, आरोपी ने यहां कई अवैध बोरवेल खोद रखे थे, जिनके जरिए वह पूरे इलाके में अवैध पानी की सप्लाई का नेटवर्क चलाकर मोटी कमाई कर रहा था।

Gurugram News :  गुरुग्राम जिला प्रशासन और पुलिस ने सोमवार को भू-माफियाओं और अपराधियों के खिलाफ एक निर्णायक अभियान चलाया। इस बड़ी कार्रवाई के तहत सेक्टर-63 में स्थित लगभग आधा एकड़ सरकारी जमीन को कुख्यात अपराधी नितेश उर्फ ‘बंदर’ के अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया है। बरामद की गई इस जमीन की बाजार कीमत करीब 25 करोड़ रुपये आंकी गई है।

 पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कादरपुर गांव का रहने वाला नितेश उर्फ ‘बंदर’ एक शातिर अपराधी है, जिस पर लूट, अपहरण और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उसने इस कीमती सरकारी जमीन पर न केवल 50 से ज्यादा अवैध झुग्गियां बना रखी थीं, बल्कि दो बड़े कबाड़ गोदाम भी खोल दिए थे।

इतना ही नहीं, आरोपी ने यहां कई अवैध बोरवेल खोद रखे थे, जिनके जरिए वह पूरे इलाके में अवैध पानी की सप्लाई का नेटवर्क चलाकर मोटी कमाई कर रहा था।

 सोमवार को हुए इस अतिक्रमण हटाओ अभियान को अंजाम देने के लिए गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA), नगर निगम (MCG) और पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। मौके पर किसी भी विरोध से निपटने के लिए 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।

GMDA के प्रवर्तन दस्ते के अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से पहले इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया गया था। बुलडोजर की मदद से सभी अवैध झुग्गियों और गोदामों को जमींदोज कर दिया गया और अवैध बोरवेलों को सील कर दिया गया।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। (Gurugram News)

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button