Gurugram Bulldozer Action : 550 घरों के बाहर से हटा अतिक्रमण,150 पार्क और सैकड़ों अवैध रैंप ध्वस्त
डीटीपीई (DTPE) अमित मधोलिया के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में विभाग ने रिकॉर्ड तोड़ तोड़फोड़ की 550 मकानों के बाहर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।

Gurugram Bulldozer Action : साइबर सिटी को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग (DTCP) का अभियान सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। स्थानीय लोगों के भारी विरोध और हंगामे के बावजूद, विभाग की आठ टीमों ने अलग-अलग कॉलोनियों में पीला पंजा चलाकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
डीटीपीई (DTPE) अमित मधोलिया के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में विभाग ने रिकॉर्ड तोड़ तोड़फोड़ की 550 मकानों के बाहर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। 150 निजी पार्क, जो सरकारी भूमि या ग्रीन बेल्ट पर बने थे, उन्हें तोड़ दिया गया। 40 ऊंचे रैंप और 100 मकानों के सामने लगी लोहे की ग्रिल को उखाड़ फेंका गया। बाजारों में दुकानों के बाहर लगे शेड और अवैध क्योस्क को भी मलबे में तब्दील कर दिया गया।
इन इलाकों में चला पीला पंजा
विभाग की टीमों ने डीएलएफ फेज-2, साउथ सिटी-1, पालम विहार, सुशांत लोक-2 और उप्पल साउथ एंड जैसी प्रमुख कॉलोनियों में कार्रवाई की। डीएलएफ फेज-2 में सेंट्रल आर्केड मॉल के पास अवैध टैक्सी स्टैंड और दक्षिण मार्ग से खोखों को हटाया गया।
सुरक्षा पर सवाल और भेदभाव के आरोप
इस कार्रवाई का चौतरफा विरोध भी देखने को मिल रहा है। उप्पल साउथ एंड आरडब्ल्यूए के प्रधान कर्नल सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सिक्योरिटी रूम तोड़े जाने से निवासियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। वहीं, रोजवुड सिटी में विभाग पर पक्षपात के गंभीर आरोप लगे हैं। निवासियों का दावा है कि एक वरिष्ट आईपीएस अधिकारी के मकान के बाहर बने बड़े पार्क और अवैध निर्माण पर दस्ते ने नरमी दिखाई, जबकि आम लोगों के निर्माणों को पूरी तरह ढहा दिया गया। स्थानीय निवासी प्रदीप के अनुसार, स्टिल्ट पार्किंग में हुए अवैध निर्माण पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
डीटीपीई की चेतावनी डीटीपीई अमित मधोलिया ने स्पष्ट किया कि शहर को व्यवस्थित करने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़कों पर अतिक्रमण न करें और निर्माण कार्य नियमों के दायरे में रहकर ही करें। (Gurugram Bulldozer Action)