Gurugram में पहली बार होगी हरियाणा मंत्रिपरिषद की बैठक, सीएम नायब सिंह सैनी करेंगे अध्यक्षता
इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। बैठक की गरिमा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Gurugram : हरियाणा के प्रशासनिक इतिहास में कल यानी 22 अप्रैल का दिन बेहद खास होने जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में पहली बार साइबर सिटी गुरुग्राम में मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) परिसर में संपन्न होगी।
इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। बैठक की गरिमा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मंगलवार को डीसी उत्तम सिंह ने संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुरुग्राम के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर कोई चूक नहीं होनी चाहिए। डीसी ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस परिसर में बैठक की रूपरेखा और प्रोटोकॉल को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बैठक स्थल और आसपास के रूट पर वीआईपी मूवमेंट को सुगम बनाया जाए। ट्रैफिक की ऐसी योजना तैयार की गई है जिससे आम जनता को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। आयोजन स्थल पर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।
समीक्षा बैठक में एडीसी सोनू भट्ट, बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला, जीएमसीबीएल के एडिशनल सीईओ रविंद्र कुमार, गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार, सीटीएम ज्योति नागपाल, एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल, डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार, डीईओ सुमन और एडीआईओ नवीन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
आमतौर पर मंत्रिपरिषद की बैठकें राजधानी चंडीगढ़ में होती हैं, लेकिन गुरुग्राम में कैबिनेट की बैठक का आयोजन क्षेत्र के विकास और प्रशासनिक विकेंद्रीकरण की दिशा में एक बड़ा संकेत माना जा रहा है। उम्मीद है कि इस बैठक में गुरुग्राम और दक्षिण हरियाणा से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर मुहर लग सकती है।