Bulldozer Action : हिस्ट्रीशीटर के अवैध साम्राज्य पर गरजा बुलडोजर, करोड़ों की सरकारी जमीन कराई गई मुक्त

शनिवार सुबह सेक्टर-53 थाना पुलिस के साथ डीटीपी (DTP) और HSVP के आला अधिकारी बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे। किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

Bulldozer Action : हरियाणा के गुरुग्राम में अपराधियों के खिलाफ पुलिस और जिला प्रशासन का जीरो टॉलरेंस अभियान जारी है। शनिवार को शहर के सरस्वती कुंज इलाके में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर अवैध वसूली के लिए किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया।

यह कार्रवाई आदतन अपराधी साहिल उर्फ चुन्नू और अंशुल उर्फ मुन्नू के खिलाफ की गई है। जिन्होंने अपराध के जरिए अर्जित धन से सरकारी जमीन पर अपना कब्जा जमा रखा था।

जांच में सामने आया कि वजीराबाद गांव के रहने वाले साहिल और अंशुल ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की करोड़ों की जमीन पर अवैध रूप से झुग्गियां बना रखी थीं। ये अपराधी इन झुग्गियों को किराए पर देकर अवैध वसूली कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इस अनैतिक कमाई का इस्तेमाल शहर में चोरी और अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के लिए किया जाता था।

14 से ज्यादा मुकदमों में शामिल है ‘चुन्नू-मुन्नू’ की जोड़ी
गुरुग्राम पुलिस का रिकॉर्ड इन दोनों भाइयों के काले कारनामों से भरा पड़ा है। साहिल उर्फ चुन्नू के खिलाफ सेक्टर-53, सुशांत लोक और डीएलएफ फेज-3 जैसे थानों में चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट के 14 गंभीर मामले दर्ज हैं। अंशुल उर्फ मुन्नू के खिलाफ भी चोरी और मारपीट के 7 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपी न केवल शातिर चोर हैं, बल्कि कई बार जेल की सजा भी काट चुके हैं। पुलिस की इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य अपराधियों के आर्थिक स्रोतों को नष्ट करना है।

शनिवार सुबह सेक्टर-53 थाना पुलिस के साथ डीटीपी (DTP) और HSVP के आला अधिकारी बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे। किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बिना किसी रुकावट के प्रशासन ने अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। (Bulldozer Action)

गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की शांति भंग करने वाले अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार, ऐसे सभी अपराधियों की सूची तैयार की गई है जिन्होंने सरकारी जमीनों पर कब्जा किया है या अपराध की कमाई से अवैध निर्माण कराया है। आने वाले दिनों में कुछ और बड़े भू-माफियाओं और गैंगस्टरों पर इसी तरह की कार्यवाही देखने को मिल सकती है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button