गुरुग्राम ATS की घुसपैठियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, अलग अलग इलाकों से पकड़े 14 Bangladeshi नागरिक

Bangladeshi : भारत सरकार के दिशा-निर्देशों एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक एटीएस वरुण सिंगला के नेतृत्व में एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) गुरुग्राम की टीम ने बड़ी कार्यवाही करते हुए भारत में अवैध रूप से रह रहे 14 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है।
यह कार्यवाही गुप्त सूचनाओं एवं गहन जांच-पड़ताल के आधार पर एटीएस गुरुग्राम, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) नूंह, एसओजी रोहतक तथा एटीएस के अन्य कर्मचारियों की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
जांच के दौरान हिरासत में लिए गए सभी 14 व्यक्तियों के पास से बांग्लादेश से संबंधित पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेज होने की जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जांच में इनके पास भारत में रहने के लिए वैध वीजा, पासपोर्ट अथवा अन्य आवश्यक अनुमति नहीं पाई गई।
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद लुतफोर रहमान (17 वर्ष), मोहम्मद राजू मियां (20 वर्ष), साकिब हुसैन (18 वर्ष), मोहम्मद तारेकुल इस्लाम (17 वर्ष), इलियास अली (18 वर्ष), मोहम्मद फेरुज इस्लाम (19 वर्ष), मोहम्मद अनारुल हक (30 वर्ष), साकिब राणा (19 वर्ष), गुलाम रब्बानी (23 वर्ष), मोहम्मद ज्वेल राणा (20 वर्ष), अनवर हुसैन (37 वर्ष), आरिफुल उर्फ अलाउद्दीन (22 वर्ष), मोहम्मद मसूद राणा (27 वर्ष) तथा राजू आलम (28 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी बांग्लादेश के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।
एटीएस की टीम द्वारा सभी 14 बांग्लादेशी नागरिकों को डिटेंशन सेंटर, मानेसर भेज दिया गया है। इनके संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
गुरुग्राम एटीएस द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान एवं उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने का अभियान निरंतर जारी है।
