Gurugram Accident : गोल्फ कोर्स रोड पर यमदूत बनी रॉन्ग साइड फॉर्च्यूनर, कैब के उड़ाए परखच्चे
हादसे के बाद चारों ओर चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद फॉर्च्यूनर सवार अपनी गाड़ी को बीच सड़क पर ही लॉक कर मौके से फरार हो गए।

Gurugram Accident : गुरुग्राम की सड़कों पर ‘रॉन्ग साइड’ ड्राइविंग एक जानलेवा महामारी का रूप लेती जा रही है। मंगलवार देर रात गोल्फ कोर्स रोड पर गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने एक कंपनी कैब को भीषण टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में जेनपैक्ट कंपनी के पांच कर्मचारियों और चालक सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैब के परखच्चे उड़ गए।
यह पूरी घटना कैब के डैशबोर्ड कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, कैब चालक विनोद कुमार मंगलवार रात करीब 1:10 बजे सेक्टर-69 स्थित जेनपैक्ट कंपनी से कर्मचारियों को लेकर डीएलएफ फेज-3 जा रहा था। जब वह सेक्टर-54 स्थित ला-लगून सोसाइटी के पास पहुंचा, तो सरस्वती कुंज की ओर से गलत दिशा में आ रही सफेद रंग की फॉर्च्यूनर ने उसकी टोयोटा रुमियन को बायीं ओर से टक्कर मार दी।

हादसे के बाद चारों ओर चीख-पुकार मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद फॉर्च्यूनर सवार अपनी गाड़ी को बीच सड़क पर ही लॉक कर मौके से फरार हो गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में तब्दील हुई गाड़ी से घायलों को बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घायलों की पहचान श्रेया कुमारी (पटना), मुताहिर हुसैन (पीलीभीत),शानू शर्मा (कांगड़ा), अंकिता सेन गुप्ता (सुंदरगढ़),अंशिका कुमारी (दिल्ली) और विनोद कुमार (कैब चालक) के रूप में हुई । अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, श्रेया और मुताहिर की हालत चिंताजनक बनी हुई है और वे फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं।

पुलिस की कार्रवाई सेक्टर-53 थाना पुलिस ने चालक विनोद की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फॉर्च्यूनर के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।










