Mega Demolition Drive : गुरुग्राम में सोमवार से जीएमडीए शुरू करेगा बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान
12 टीमों में तैनात रहेंगे 36 अधिकारी-कर्मचारी; ओल्ड गुरुग्राम, एसपीआर और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर रहेगा खास फोकस

Mega Demolition Drive/गुरुग्राम : शहर में सड़कों, फुटपाथों और ग्रीन बेल्ट पर लगातार बढ़ रहे अवैध कब्जों पर अब गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) का बुलडोजर चलने जा रहा है। जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पी.सी. मीणा के निर्देशों के बाद आगामी सोमवार से पूरे शहर में बड़े पैमाने पर व्यापक ‘अतिक्रमण हटाओ अभियान’ Mega Demolition Drive की शुरुआत की जाएगी।
Mega Demolition Drive : 36 अधिकारियों की 12 विशेष टीमें गठित
इस अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जीएमडीए ने कुल 12 विशेष टीमों का गठन किया है, जिनमें 36 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।
प्रत्येक टीम में तीन सदस्य होंगे—जिनमें जीएमडीए के कनिष्ठ अभियंता (JE) और नगर निगम मानेसर (MCM) के कनिष्ठ अभियंता शामिल रहेंगे।
पूरे अभियान का नेतृत्व जीएमडीए के डीटीपी प्रवर्तन आर.एस. बाठ करेंगे, जबकि सहायक नगर योजनाकार (ATP) पूरी कार्रवाई की निगरानी करेंगे।
Mega Demolition Drive : कहाँ-कहाँ चलेगा चाबुक?
अभियान के तहत जीएमडीए के अधिकार क्षेत्र (Right of Way) में आने वाली सेक्टर डिवाइडिंग सड़कों, कैरिजवे, सर्विस रोड, ग्रीन बेल्ट और फुटपाथों पर किए गए स्थायी व अस्थायी दोनों प्रकार के अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।
इन प्रमुख इलाकों पर रहेगी कड़ी नजर: जीएमडीए की फील्ड टीमों ने पहले ही सर्वेक्षण शुरू कर दिया है। डीटीपी आर.एस. बाठ ने ओल्ड रेलवे रोड, न्यू रेलवे रोड, साउदर्न पेरिफेरल रोड (SPR), गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड तथा सेक्टर 4, 7 और 9 के आसपास के क्षेत्रों का खुद दौरा किया है। पहले चरण में विशेष रूप से ओल्ड गुरुग्राम के इलाकों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जहाँ अतिक्रमण के कारण रोजाना भारी जाम लगता है।
Mega Demolition Drive : अतिक्रमणकारियों की बनेगी डिजिटल लिस्ट (डेटाबेस)
कार्रवाई में पारदर्शिता और निरंतरता बनाए रखने के लिए जीएमडीए एक डिजिटल डेटाबेस तैयार कर रहा है। इसमें:
क्षेत्रवार अवैध कब्जों की मैपिंग की जाएगी।
कार्रवाई से पहले और बाद की स्थिति का रिकॉर्ड रखा जाएगा।
रोज की प्रगति रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेजी जाएगी ताकि दोबारा कब्जे न हो सकें।
सीईओ पी.सी. मीणा की अपील:
“सार्वजनिक भूमि और सड़कों को आम जनता के लिए सुगम और सुरक्षित बनाना हमारा मुख्य उद्देश्य है। समाचार पत्रों और मुनादी के जरिए लोगों को सार्वजनिक नोटिस जारी किए जा चुके हैं। लोग स्वेच्छा से अपने अवैध कब्जे हटा लें और इस अभियान में प्राधिकरण का सहयोग करें।”
