Girlfriend Murder : प्यार, धोखा और खौफ़नाक अंत ! शादीशुदा होने का राज़ खुला तो प्रेमी ने प्रेमिका को जिंदा जला दिया

Girlfriend Murder : गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक प्रेमी ने अपनी ही लिव इन पार्टनर को जिंदा जलाकर मौत के घाट उतार दिया । घटना 19 जून की है लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान पीडिता और उसकी मां ने डर के मारे पुलिस को कोई भी शिकायत देने से इंकार कर दिया लेकिन 27 जून को युवती को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई जिसके बाद मृतका के भाई ने गुरुग्राम पुलिस को शिकायत दी जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया ।

डर के चलते नहीं दी शिकायत

जानकारी के अनुसार 19 जून को पुलिस थाना सेक्टर-9A, गुरुग्राम की पुलिस टीम को आर्टिमिस अस्पताल, गुरुग्राम से एक सूचना आग में युवती के झुलसने के कारण अस्पताल में भर्ती होने के सम्बन्ध में प्राप्त हुई। पुलिस टीम को यह भी सूचना मिली कि पीड़िता को प्राथमिक उपचार के बाद सफदरजंग अस्पताल, दिल्ली रेफर कर दिया गया है। पीड़िता के साथ उपस्थित पीड़िता की मां से पुलिस टीम ने जब हालात और ब्यान देने के लिए बात की तो पीड़िता व उसकी मां ने कोई कानूनी कार्यवाही ना करवाने के बारे में कहा।

9 दिन तक लड़ी फिर हुई मौत

27 जून को आग में बुरी तरह झुलसी पीड़िता की सफदरजंग अस्पताल में ईलाज के दौरान मृत्यु हो गई । पीड़िता की मृत्यु के पश्चात मृतिका के चचेरे भाई ने दिनांक 30.06.2026 को थाना सेक्टर-9, गुरूग्राम में हाजिर आकर एक शिकायत शिकायत के माध्यम से बतलाया कि यह दिनांक 22.06.2026 को अस्पताल में अपनी बहन से मिलने गया तो (मृतिका) ने इसको बतलाया कि सुनील उर्फ नोनी नाम के लड़के ने उसे जबरन जलाया है और किसी को सच बताने पर उसको, उसकी माँ व बहन को जान से मारने की धमकी दी है। प्राप्त शिकायत पर पुलिस थाना सेक्टर 9A, गुरुग्राम में सम्बन्धित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।

पुलिस थाना सेक्टर-9A, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने उपरोक्त अभियोग में त्वरित कार्यवाही करते हुए कल दिनांक 01.07.2026 को 01 आरोपी को सेक्टर-9A, गुरुग्राम से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। आरोपी की पहचान सुनील कुमार (उम्र-35 वर्ष) निवासी गुभाना, बादली, झज्जर, हरियाणा के रूप में हुई ।

प्रेमी ने शादी की बात छिपाई, हो गया झगड़ा

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि यह गुरुग्राम में गोल्ड बायर की दुकान चलाता है और शादीशुदा है। उपरोक्त अभियोग में मृतिका करीब डेढ़ साल पहले सोना बेचने आई थी, जिस दौरान इनकी आपस में दोस्ती हो गई और ये एक-दूसरे के साथ रिलेशन में आ गए।

मृतिका को जब इसके (आरोपी) शादीशुदा होने का पता लगा तो इन दोनों के बीच झगड़ा जो गया। दिनांक 18.06.2026 को मृतिका आरोपी की दुकान पर गई, जहां इन दोनों के बीच झगड़ा हो गया तो आरोपी ने दुकान में रखा कैरोसिन का तेल मृतका के कपड़ों पर डाल दिया, उसके बाद झगड़े को सुलझाने के लिए युवती में सोहना रोड़ पर स्थित सेन्ट्रल पार्क में एक फ्लैट बुक किया और ये दोनों (मृतिका व आरोपी) फ्लैट पर चले गए और रात को वही रुके।

अगले दिन दिनांक 19.06.2026 को सुबह इसने (आरोपी) महिला से कहा की अब कपड़ो में कैरोसिन की स्मैल नही आ रही है तो उसने कपड़े पहन लिए, इसी दौरान दोनों के बीच फिर से झगड़ा हो गया और इसने (आरोपी) युवती को आग लगा दी। उसके बाद यह युवती को आर्टिमिस हॉस्पिटल ले गया, जहां से उसे सफदरजंग, दिल्ली हॉस्पिटल में रैफर कर दिया, जहां पर ईलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर आरोपी की दुकान में रखी कैरोसिन की बोतल व आरोपी का मोबाईल फोन बरामद किया है । अभियोग में आगामी कार्यवाही के लिए आरोपी को कल दिनांक 01.07.2026 को माननीय न्यायालय में पेश करके 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button