Firing In Lift : गुरुग्राम में सोसाइटी की लिफ्ट में फायरिंग, CCTV फुटेज से हुआ खुलासा, हथियार लिए दिखे आरोपी

Firing In Lift : गुरुग्राम के सेक्टर 52 इलाके में सोसाइटी की लिफ्ट में फायरिंग से लोगों में दहशत है । घटना की जानकारी जैसे ही गुरुग्राम पुलिस को मिली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है । घटना का खुलासा सीसीटीवी फुटेज चैक करने के बाद हुआ । फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी है ।
दरअसल सेक्टर 52 की द प्रशांत कोऑपरेटिव सोसाइटी की लिफ्ट में लोगों ने एक छेद देखा जिसकी जानकारी RWA को दी गई । सूचना मिलने के बाद सीसीटीवी फुटेज चैक किए गए तो पता चला कि 8 अगस्त को लिफ्ट में तीन लोग घुसते हुए नज़र आए और उन्होने लिफ्ट के अंदर फायरिंग की ।
लिफ्ट के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की तस्वीरों में एक शख्स के हाथ में हथियार भी दिख रहे हैं । सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष नरेन्द्र ने गुरुग्राम पुलिस को घटना की जानकारी दी जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची ।
RWA अध्यक्ष द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर गुरुग्राम के सेक्टर 53 पुलिस स्टेशन में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है । गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि द प्रशांत कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड’ (The Prashant Co-operative Society Ltd.) सैक्टर-52, गुरुग्राम के अध्यक्ष ने थाना सैक्टर-53, गुरुग्राम में शिकायत के माध्यम से बतलाया कि दिनांक 08.08.2026 एवं 09.08.2026 की मध्य रात्रि करीब 01:00 बजे सोसायटी की लिफ्ट में कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फायरिंग किए जाने की घटना सामने आई है। शिकायत पर थाना सैक्टर-53, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
घटना की जानकारी पूरी सोसाइटी में आग की तरह फैल गई । फायरिंग की इस घटना से सोसाइटी में रहने वाले लोगों में डर का माहौल है कि लिफ्ट के अंदर भी कोई सुरक्षित नहीं है । बदमाश किस्म के लोग कहीं भी वारदात को अंजाम दे सकते हैं । पुलिस का कहना है कि पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग में जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार कार्यवाही की जाएगी।
