खाकी वाला गुंडा! Delhi Police के सिपाही की गुंडागर्दी; ब्रेकअप हुआ तो गर्लफ्रेंड को पीटा, थार से मारी टक्कर

सूख के नशे में थार गाड़ी से सोसाइटी का सिक्योरिटी गेट भी उड़ाया; बचाने आए युवक से भी की हाथापाई, अब खा रहा जेल की हवा।

Delhi Police : कहते हैं कानून के रखवाले ही जब भक्षक बन जाएं, तो समाज में खौफ का माहौल बनना लाजमी है। ऐसा ही एक बेहद सनसनीखेज और खाकी को शर्मसार करने वाला मामला साइबर सिटी गुरुग्राम के पॉश इलाके सेक्टर-56 से सामने आया है। यहाँ दिल्ली पुलिस के एक (Delhi Police) सिपाही ने अपनी सरकारी हनक और रसूख के नशे में चूर होकर न सिर्फ कानून की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि एक युवती और उसके परिवार को खौफ के साए में जीने पर मजबूर कर दिया।

ब्रेकअप से बौखलाए दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के इस ‘दबंग’ सिपाही ने अपनी पूर्व प्रेमिका को बीच सड़क पर बालों से पकड़कर बेरहमी से घसीटा, लात-थप्पड़ों से पीटा और भागते वक्त अपनी महिंद्रा थार (Thar) गाड़ी से सोसाइटी के मुख्य गेट को भी उड़ा दिया। आरोपी सिपाही की यह सारी गुंडागर्दी सोसाइटी में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर सीधे भोंडसी जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है।

शराब के नशे में थार लेकर पहुंचा, दी दुष्कर्म की धमकी

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान रोनित यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गाजियाबाद के इंदिरापुरम का रहने वाला है और वर्तमान में (Delhi Police) दिल्ली पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात है (उसकी ड्यूटी दिल्ली के एक मेट्रो स्टेशन पर थी)।

पीड़िता दिल्ली के एक नामी कॉलेज से बीबीए (BBA) की पढ़ाई कर रही है। पढ़ाई के दौरान ही उसकी दोस्ती रोनित से हुई थी, लेकिन सिपाही की सनकी हरकतों और बदमाशी से तंग आकर युवती ने उससे दूरी बना ली और रिश्ता खत्म कर लिया। यही बात वर्दीधारी रोनित को हजम नहीं हुई।

गुस्से और शराब के नशे में धुत होकर रोनित तड़के सुबह करीब 5:30 बजे अपनी थार गाड़ी लेकर युवती की सोसाइटी पहुंच गया। जब परिवार ने डर के मारे घर का दरवाजा नहीं खोला, तो सिपाही ने बाहर खड़े होकर जमकर उत्पाद मचाया। उसने पीड़ित युवती की मां और उसकी महज 15 साल की छोटी बहन को जान से मारने और सरेआम दुष्कर्म (रेप) करने की भयानक धमकी दी।


बीच सड़क पर लड़की को बालों से घसीटा, बचाने आए युवक को भी पीटा

खौफजदा परिवार की सूचना पर जब पीड़ित युवती एक पारिवारिक समारोह से लौटकर आनन-फानन में सोसाइटी पहुंची, तो आरोपी (Delhi Police) सिपाही रोनित ने उसे रास्ते में ही दबोच लिया। इसके बाद जो हुआ, उसने खाकी की साख पर बट्टा लगा दिया। सिपाही ने सरेआम युवती के बाल पकड़े, उसे जमीन पर गिराया और सड़क पर बेरहमी से घसीटते हुए थप्पड़ों की बरसात कर दी।

इस दौरान सोसाइटी के एक साहसी युवक ने जब लड़की को सिपाही के चंगुल से बचाने की कोशिश की, तो रसूखदार (Delhi Police) सिपाही ने उसके साथ भी जमकर हाथापाई की। खुद को घिरता देख आरोपी अपनी थार गाड़ी में सवार हुआ और रफ्तार में गाड़ी भगाते हुए सोसाइटी के सिक्योरिटी गेट को जोरदार टक्कर मारकर तोड़ते हुए फरार हो गया।


जमानत याचिका खारिज, भोंडसी जेल में बंद

घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने ‘112’ नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सेक्टर-56 थाना पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर आरोपी सिपाही रोनित यादव को दबोच लिया। आरोपी ने पुलिसिया कार्रवाई से बचने के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी भी लगाई थी, लेकिन कोर्ट ने उसकी दबंगई और गंभीर आरोपों को देखते हुए जमानत याचिका को सिरे से खारिज कर दिया। फिलहाल, दिल्ली पुलिस का यह गुंडा सिपाही सलाखों के पीछे भोंडसी जेल में बंद है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button