Encounter Hi Encounter : यूपी पुलिस की तर्ज़ पर गुरुग्राम पुलिस एक्शन में, दूसरे दिन भी एनकाउंटर में विदेशी चोर पकड़ा
गुरुग्राम में लगातार बढती आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए और अपराधियों में कानून का खौफ बिठाने के लिए गुरुग्राम पुलिस भी अब यूपी पुलिस की तर्ज पर लगातार अपराधियों पर कानूनी कार्रवाई कर रही है ।

Encounter Hi Encounter : यूपी पुलिस की तर्ज पर अब गुरुग्राम पुलिस भी अपराधियों के लिए काल बन गई है । गुरुग्राम पुलिस की टीमें लगातार अपराधियों के धड़ा धड़ एनकाउंटर कर रही है । जिसके बाद अपराधियों में गुरुग्राम पुलिस का खौफ बढता ही जा रहा है । लगातार दूसरे दिन गुरुग्राम पुलिस की क्राइम टीम ने घरों के अंदर चोरी करने वाले शातिर चोर का हाल्फ एनकाउंटर कर उसे गिरफ्तार कर लिया । इससे पहले बुधवार को भी गुरुग्राम पुलिस की टीम ने मेवाती चोर को हाल्फ एनकाउंटर में गिरफ्तार किया था ।
गुरुग्राम में लगातार बढती आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए और अपराधियों में कानून का खौफ बिठाने के लिए गुरुग्राम पुलिस भी अब यूपी पुलिस की तर्ज पर लगातार अपराधियों पर कानूनी कार्रवाई कर रही है । पिछले एक महीने में ये हाल्फ एनकाउंटर की चौथी घटना है जिसमें गुरुग्राम पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है । अब तक हाल्फ एनकाउंटर में 8 से ज्यादा बदमाश पकड़े जा चुके हैं जिनमें सिंगर फाजिलपुरिया पर हमला करने वाले और रोहित शौकीन की हत्या करने वाले शूटर्स भी शामिल हैं ।
दरअसल गुरुग्राम पुलिस ने एक कुख्यात नेपाली चोर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है, जो भारत में काम करने वाले नेपाली मूल के लोगों के साथ मिलकर घरों में नशीला पदार्थ पिलाकर चोरी करता था । आरोपी की पहचान जगत बहादुर (35) के रूप में हुई है, जो नेपाल के कैलाली जिले का रहने वाला है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऐसे देता था वारदात को अंजाम
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के मुताबिक, जगत बहादुर फेसबुक पर फर्जी नाम से प्रोफाइल बनाता था और भारत के विभिन्न शहरों में घरों में काम कर रहे नेपाली लड़के-लड़कियों से दोस्ती करता था । दोस्ती गहरी होने पर वह भारत आता और अपने दोस्त के साथ मिलकर मकान मालिक और उसके परिवार के सदस्यों को किसी नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर देता था । इसके बाद वह घर में चोरी करके चोरी का सामान टैक्सी से नेपाल ले जाता था । हर बार वारदात को अंजाम देने के लिए वह एक नया फर्जी नाम और आईडी का इस्तेमाल करता था।

कैसे हुआ एनकाउंटर ?
गुरुग्राम पुलिस की सेक्टर-43 क्राइम ब्रांच की टीम को 3 सितंबर 2025 को सूचना मिली थी कि जगत बहादुर वजीराबाद से ताऊ देवीलाल पार्क के पिछले रास्ते पर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक रेडिंग टीम गठित की गई। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची और आरोपी को रुकने के लिए कहा, तो उसने पुलिस पर सीधी गोली चला दी। गोली पुलिस की सरकारी गाड़ी पर लगी।
पुलिस ने हवाई फायरिंग करते हुए आरोपी को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दोबारा फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई जो उसके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर गया और उसे पकड़ लिया गया।
बरामदगी और आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस, एक बैग जिसमें लोहा काटने का कटर, प्लास और पेचकस बरामद किया है। घटनास्थल से 6 खाली कारतूस भी मिले हैं, जिनमें से 4 आरोपी द्वारा और 2 पुलिस द्वारा चलाए गए थे।
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम, पंजाब, उत्तराखंड और मुंबई में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह जुलाई 2025 में नेपाल में भी चोरी का सामान बेचने के आरोप में गिरफ्तार हुआ था, लेकिन 9 अगस्त 2025 को जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए भारत आ गया था।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि घायल आरोपी का इलाज चल रहा है । अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जाएगी ताकि उसके अन्य साथियों और वारदातों के बारे में जानकारी मिल सके ।











