Dwarka Expressway से मानेसर जाना होगा और आसान, इस रुट पर बनेंगे दो नए फ्लाइओवर

Dwarka Expressway : दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए GMDA ने एक नया फ्लाइओवर बनाने की योजना पर काम करना शुरु कर दिया है। अब Dwarka Expressway से मानेसर आना जाना और आसान हो जाएगा । गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर 84 के ऐलान मॉल से लेकर IMT Manesar तक का सफर सुगम बनाने के लिए इस योजना पर काम किया जा रहा है ।
GMDA के अधिकारी के मुताबिक सेक्टर 84 में शहीद राव रणजीत सिंह चौक पर एक फ्लाइओवर निर्माण की योजना तैयार की जा रही है । पिछले सप्ताह ही कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में अधिकारियों की बैठक ली थी जिसमें गुरुग्राम की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए थे ।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि सेक्टर 84 के शहीद राव रणजीत सिंह चौक पर एक फ्लाइओवर बनाया जाए ।
40 करोड़ की लागत से बनेगा नया फ्लाइओवर
ऐलान मॉल से लेकर आईएमटी मानेसर तक मुख्य सड़क पर दो चौराहे पड़ते हैं । इनमें से एक चौराहा दादी सती चौक है तो दूसरा शहीद राव रणजीत सिंह चौक है । दादी सती चौक पर पहले ही सीएम नायब सिंह सैनी ने फ्लाइओवर बनाने की मंजूरी दे दी है । इसकी डीपीआर भी तैयार की जा चुकी है । इस फ्लाइओवर के निर्माण पर करीब 40 करोड़ रुपए का खर्च आने का अनुमान है ।
अगले कुछ ही दिनों में इस फ्लाइओवर का टेंडर भी जारी कर दिया जाएगा । इस फ्लाइओवर को तीन तीन लेन का बनाया जाएगा । दादी सती चौक पर बनने वाले फ्लाइओवर से करीब डेढ किलोमीटर की दूरी पर ही शहीद राव रणजीत सिंह चौक है । जहां पर मौजूदा समय में ट्रैफिक का भारी दबाव बना रहता है ।
जीएमडीए के अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि शहीद राव रणजीत सिंह चौक पर फ्लाइओवर की संभावनाएं तलाशी जा रही है । इसकी फिजिबिलिटी सर्वे रिपोर्ट के साथ साथ डीपीआर भी तैयार करवाई जा रही है । दादी सती चौक पर बनने वाले फ्लाइओवर का टेंडर अगले सात दिनों में जारी कर दिया जाएगा ।