Sushant Lok इलाके में चल रहे अवैध PG और क्लिनिक्स के खिलाफ DTP का एक्शन, कई इमारतें सील

Sushant Lok : गुरुग्राम टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन अमित मधोलिया के नेतृत्व में गुरुवार को सुशांत लोक-1 के बी ब्लॉक में रिहायशी मकानों में स्वीकृत उपयोग के विपरीत चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पीजी, व्यावसायिक कार्यालय, क्लीनिक-लैब, गोदाम तथा स्टिल्ट पार्किंग में किए गए अनधिकृत निर्माण के खिलाफ सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई।

विभाग के अनुसार, मकान नंबर बी-681 में पूरी इमारत का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। यहां मलबरी लॉ फर्म, कॉर्प एक्यूमेन और एक्यूमेन ज्यूरिस समेत अन्य कार्यालय संचालित मिले। पूरी इमारत को सील कर दिया गया। इसके अलावा स्टिल्ट पार्किंग में बने कार्यालय को भी तोड़ा गया।

बी-678 में स्टिल्ट फ्लोर पर बनाए गए अनधिकृत लीजर रूम और सर्वेंट रूम को तोड़ा गया। वहीं बाहर सड़क आरओडब्लूए में रखे डीजल जनरेटर को भी उठा लिया गया वहीं बी-618 में 16 कमरों वाला अनधिकृत पीजी संचालित पाया गया, जिसे सील कर दिया गया। इसी तरह बी-568 में भी 16 कमरों वाले अनधिकृत पीजी को सील किया गया।

अभियान के दौरान बी-245 में संचालित 20 कमरों वाले पीजी पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। बी-526बी के बेसमेंट में क्लीनिक और लैब का संचालन किया जा रहा था, जिसे विभाग की टीम ने सील कर दिया। वहीं बी-523बी के बेसमेंट में गोदाम और व्यावसायिक सामान के स्टोरेज की गतिविधि संचालित पाई गई। बेसमेंट को भी सील कर दिया गया।

डीटीपी प्रवर्तन अमित मधोलिया ने कहा कि लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों के रिहायशी मकानों में स्वीकृत उपयोग के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां, अनधिकृत पीजी और अन्य व्यावसायिक संस्थान संचालित करना नियमों के खिलाफ है। विभाग द्वारा ऐसे मामलों की लगातार जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सीलिंग तथा अनधिकृत निर्माण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के सख्त आदेश हैं कि रिहायशी इमारतों में किसी भी प्रकार की अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती। इसी के तहत सीलिंग अभियान को तेज किया गया है। कार्रवाई की स्थिति रिपोर्ट 23 नवंबर तक सुप्रीम कोर्ट में भी प्रस्तुत की जानी है।

विभाग की टीम ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी रिहायशी मकानों में चल रही पीजी, गेस्ट हाउस, कार्यालय और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤