Sohna Expressway : बदमाशों को पकड़ने के लिए नाका लगाया, बदमाश आए, टक्कर मारी, तोड़फोड़ की और भाग गए, दो जवान घायल

Sohna Expressway : गुरुग्राम में बदमाशों के हौंसले इतने बुलंद हो चले हैं कि पुलिस टीम पर बीच सड़क ही हमला कर देते हैं और फिर मौके से आसानी से फरार भी हो जाते हैं । ऐसी ही एक हैरान कर देने वाली घटना गुरुग्राम सोहना एक्सप्रेसवे से आई है जहां पर बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाए गए नाके पर पहले तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर हमला किया और फिर मौके से आसानी से फरार भी हो गए ।

भोंडसी के पास बीच सड़क हुई वारदात

दरअसल हरियाणा एसटीएफ को सूचना मिली थी कि गुरुग्राम से सोहना की तरफ एक नामी बदमाश गाड़ी से जाने वाला है जिस सूचना पर सोहना एक्सप्रेसवे पर STF की टीम ने भोंडसी के पास नाका लगाया । रात करीब 10 बजे जब गुरुग्राम की तरफ से तीन गाड़ियों को आता देख STF टीम ने उन्हें रोकने का इशारा किया तो बदमाशों ने सीधा एसटीएफ की गाड़ियों में टक्कर मार दी ।

टक्कर मारने के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई । सिर्फ इतना ही नहीं तीन गाड़ियों में सवार 12 से ज्यादा बदमाशों ने अपनी अपनी गाडियों से नीचे उतर कर STF की टीम के साथ मारपीट करनी शुरु कर दी । जानकारी तो यहां तक मिली है कि बदमाशों ने सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ भी की ।

जवाबी कार्रवाई होते ही भागे सभी बदमाश

भोंडसी पुलिस थाने में दी गई शिकायत में बताया गया है कि तीन कारों से उतरे बदमाशों ने पुलिस टीम के साथ हाथापाई करनी शुरु कर दी । इस दौरान आरोप ये भी लगाया गया है कि एक बदमाश ने फायरिंग भी की लेकिन किसी को गोली लगी नहीं । एसटीएफ टीम पर अचानक हुए हमले के बाद जब टीम ने जवाबी कार्रवाई करनी शुरु की तो सभी बदमाश अपनी अपनी गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए ।

दो पुलिसकर्मी घायल

नाका लगाकर बदमाशों का इंतजार कर रही पुलिस टीम पर हुए इस हमले में एसटीएफ के दो जवान भी घायल हुए हैं । सभी बदमाश मौके से फरार हो गए । आरोप है कि बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारने के बाद सरकारी गाड़ी में तोडफोड़ भी की है और उसके बाद फायरिंग की जिसमें एसटीएफ के जवान बाल बाल बचे ।

CCTV खंगाल रही पुलिस

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि भोंडसी पुलिस थाने में एसटीएफ के जवान द्वारा शिकायत दी गई है जिसके आधार पर केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है । एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जा सके ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤