नाम बड़े और दर्शन छोटे, गुरुग्राम की बड़ी बड़ी Societies में बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे लोग

Societies : गुरुग्राम में बड़े बड़े बिल्डर्स द्वारा बनाए गए कई लग्जरी अपार्टमेंट्स हैं । लेकिन गुरुग्राम में जितने नाम बड़े हैं उनके दर्शन उतने ही छोटे हैं । भले ही गुरुग्राम में सैंकड़ों गगनचुंबी इमारते बन गई हों लेकिन इनमें रहने वाले लोग अभी भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरह रहे हैं । रविवार को सेक्टर-108 स्थित द वेस्टरलीज़ टाउनशिप के निवासियों ने सुरक्षा, सीवेज, पार्कों, बिजली बैकअप और रखरखाव व्यवस्था से जुड़ी लंबित समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। निवासियों ने Experion Developers Pvt. Ltd. और उसकी रखरखाव एजेंसी Mainage Facility Management Pvt. Ltd. से समस्याओं के समाधान की मांग की।
द वेस्टरलीज़ रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अनुसार, टाउनशिप की चारदीवारी कई जगहों पर टूटीं हुई पड़ी हैं । इसके अलावा एंट्री गेट्स पर लगे बूम बैरियर और Park+ RFID टैग भी प्रभावी तरीके से काम नहीं कर रहे हैं। एसोसिएशन ने Kite Gate पर MyGate विजिटर मैनेजमेंट सिस्टम उपलब्ध नहीं होने से आगंतुकों के सत्यापन को लेकर भी चिंता जताई है।
900 प्लॉट वाली टाउनशिप में सीवेज व्यवस्था पर सवाल
निवासियों ने टाउनशिप की सीवेज व्यवस्था की क्षमता पर भी सवाल उठाए हैं। एसोसिएशन के मुताबिक करीब 900 प्लॉट वाली टाउनशिप में मुख्य सीवेज लाइन की क्षमता अपर्याप्त है। इसे लेकर स्वतंत्र तकनीकी ऑडिट कराने और जरूरत के अनुसार सीवेज क्षमता बढ़ाने की मांग की गई है।
CAM शुल्क में करीब 90 फीसदी बढ़ोतरी पर आपत्ति
प्रदर्शन के दौरान CAM शुल्क में हुई बढ़ोतरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन के अनुसार CAM शुल्क दो वर्षों में 10 रुपये से बढ़ाकर 19 रुपये प्रति वर्गगज प्रति माह कर दिया गया है, जो करीब 90 फीसदी की वृद्धि है। निवासियों ने शुल्क बढ़ाने का आधार और ऑडिट किए गए खातों का खुलासा करने की मांग की है। साथ ही HRERA के निर्णय तक CAM शुल्क को अंतिम निर्विवाद दर पर वापस लाने की मांग की गई है।
पार्क, क्लब, बिजली और जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग
निवासियों ने पार्कों और हरित क्षेत्रों के विकास एवं रखरखाव, कम्युनिटी क्लब को शुरू करने, भरोसेमंद बिजली बैकअप उपलब्ध कराने तथा आंतरिक सड़कों और जल निकासी व्यवस्था में सुधार की मांग की। इसके अलावा रखरखाव खर्च से जुड़े खातों और विक्रेताओं की जानकारी में पारदर्शिता की मांग भी उठाई गई। एसोसिएशन ने धार्मिक स्थल समेत सभी साझा क्षेत्रों और सुविधाओं को एसोसिएशन को हस्तांतरित करने की मांग की है।
15 दिन में कार्ययोजना देने की मांग
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने Experion Developers और Mainage Facility Management से 15 दिनों के भीतर लिखित और समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करने की मांग की है। एसोसिएशन ने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा। मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में निवासी HRERA, GMDA, जिला प्रशासन और अन्य सक्षम प्राधिकरणों के समक्ष आगे की कार्रवाई करेंगे।
