Crime News : लिव-इन पार्टनर ने 5 महीने के मासूम बेटे को दिया जहर, डेढ़ साल बाद गिरफ्तार

लिस पूछताछ में आरोपी विक्रमजीत ने बिना किसी दबाव के अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह पहले से ही शादीशुदा था, लेकिन उसने यह बात छिपाई और साल 2023 से शिकायतकर्ता महिला के साथ रहने लगा।

Crime News : साइबर सिटी के बिलासपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली जमालपुर पुलिस चौकी इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। एक कलयुगी पिता ने अपने ही 5 महीने के मासूम बेटे को जहरीला पदार्थ खिलाकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी शख्स अपनी पहली शादी की बात छिपाकर एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था और इस रिश्ते से पैदा हुए बच्चे से खुश नहीं था। पुलिस ने करीब डेढ़ साल पुराने इस कत्ल के मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह खौफनाक वारदात जनवरी 2025 की है। 5 जनवरी 2025 को जमालपुर पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि एक 5 महीने के बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया

मोर्चरी में मौजूद बच्चे की बेबस माँ ने पुलिस को एक लिखित शिकायत दी, जिसने इस पूरी साज़िश का पर्दाफाश कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि उसके लिव-इन पार्टनर ने ही उनके 5 महीने के बेटे को कोई जहरीला पदार्थ देकर उसकी हत्या की है। इस शिकायत पर बिलासपुर थाने में हत्या की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया

पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2023 से उक्त व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी और दोनों की सहमति से इस बच्चे का जन्म हुआ था। लेकिन बच्चे के जन्म के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद रहने लगा था

घटना वाले दिन यानी 4 जनवरी 2025 को आरोपी पिता बच्चे को अपने साथ बाहर घुमाने के बहाने लेकर गया था। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा, तो उसने महिला से कहा कि बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई है। बदहवास माँ बच्चे को तुरंत अस्पताल लेकर भागी, लेकिन तब तक मासूम की जान जा चुकी थी

मामले की गहनता से जांच कर रही बिलासपुर थाना पुलिस की टीम ने वैज्ञानिक और पुख्ता सबूत जुटाने के बाद कल, 01 जून 2026 को आरोपी को गुरुग्राम से दबोच लिया

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान विक्रमजीत (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से गांव बररी, जिला हिसार (हरियाणा) का रहने वाला है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी विक्रमजीत ने बिना किसी दबाव के अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह पहले से ही शादीशुदा था, लेकिन उसने यह बात छिपाई और साल 2023 से शिकायतकर्ता महिला के साथ रहने लगा

लिव-इन के दौरान जब महिला गर्भवती हुई, तो विक्रमजीत उस पर गर्भपात (Abortion) कराने का लगातार दबाव बना रहा था। महिला के न मानने पर बच्चे का जन्म हुआ, जिसके बाद घर में रोज-रोज झगड़े होने लगे। आरोपी इस बच्चे को अपने रास्ते का कांटा समझने लगा था। इसी कारण उसने 4 जनवरी 2025 को बच्चे को एकांत में ले जाकर जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई

गुरुग्राम पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी विक्रमजीत को आज, 02 जून 2026 को माननीय अदालत में पेश किया गया है। इस जघन्य हत्याकांड के संदर्भ में पुलिस अभी भी अन्य तकनीकी और फॉरेंसिक सबूतों को जोड़कर मामले का अनुसंधान (जांच) आगे बढ़ा रही है ताकि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button