Gurugram Thar Stunt : बीच सड़क पर थार के दरवाजे खोलकर बनाई रील, गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सिखाया सबक

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गाड़ी चलाते समय युवक ने अचानक ड्राइविंग साइड की खिड़की (डोर) को पूरा खोल दिया।

Gurugram Thar Stunt : सोशल मीडिया पर रील (Reel) बनाकर मशहूर होने का नशा युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है, जो सड़कों पर दूसरों के साथ-साथ खुद की जान के लिए भी बड़ा खतरा बनता जा रहा है। ऐसा ही एक ताजा मामला साइबर सिटी के सेक्टर-60 इलाके से सामने आया है 

एक युवक ने लैमन ट्री होटल के सामने अपनी ब्लैक थार गाड़ी से जमकर खतरनाक स्टंटबाजी की। स्टंट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थार का ₹26,500 का भारी-भरकम ऑनलाइन चालान काट दिया है।

जानकारी के अनुसार, युवक ने सेक्टर-60 की व्यस्त सड़क पर काले रंग की थार को हाईस्पीड में दौड़ाया。 इस दौरान पीछे चल रही एक दूसरी गाड़ी में सवार उसके साथियों ने इसका करीब 15 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया। वीडियो के बैकग्राउंड में ‘देसी राखै छोरा हथियार’ गाना भी बज रहा है।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गाड़ी चलाते समय युवक ने अचानक ड्राइविंग साइड की खिड़की (डोर) को पूरा खोल दिया। इसके बाद वह खिड़की से बाहर की तरफ निकलकर फिंगर (उंगली) दिखाने लगा。 रील के चक्कर में उसने बिना पीछे देखे थार को तेज रफ्तार में बार-बार लेफ्ट और राइट मोड़ते हुए खतरनाक तरीके से लेन बदली, जिससे वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालक बाल-बाल बचे।

स्टंटबाजी का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड हुआ, यह तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने पुलिस सुरक्षा पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। मामला संज्ञान में आते ही गुरुग्राम पुलिस तुरंत हरकत में आई।

ट्रैफिक पुलिस के प्रवक्ता विकास कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर थार गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर को ट्रेस किया गया।

नियमों की गंभीर अवहेलना करने पर गाड़ी का 26,500 का चालान काटा गया है। इसके साथ ही, आम सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने के आरोप में आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button