Crime News : 69 चोरियां करने वाला ‘खूंखार’ दिल्ली वाला गिरोह गिरफ्तार, 7 शातिर धरे गए

Crime News : गुरुग्राम में घरों और दुकानों से चोरी करने वाले गिरोह के 7 आरोपियों को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है । इन चोरों पर 69 आपराधिक मुकद्दमें दर्ज हैं जिनमें से 6 चोरी के मामले गुरुग्राम और दिल्ली में दर्ज हैं । ये गिरोह बड़ी प्लानिंग और शातिराना तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे और बड़ी आसानी से फरार हो जाते थे । गुरुग्राम पुलिस की फर्रुखनगर क्राइम ब्रांच ने इन सभी सातों आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है ।

फर्रुखनगर चोरी मामले में धरे गए

25 जून को इन आरोपियों ने फर्रुखनगर इलाके के सुल्तानपुर मोड़ के पास एक मेडिकल स्टोर का शटर तोड़कर वहां से लगभग 20 हज़ार रुपए की चोरी की थी जिस पर गुरुग्राम पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु की तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को खेड़ा झांझरौला गुरुग्राम से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की ।

दिल्ली के रहने वाले हैं सभी आरोपी

अपराध शाखा फरुखनगर, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए आरोपियों की पहचान 1. तारुल निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली, 2. सोनू निवासी शाहबाद दौलतपुर, दिल्ली, 3. मेराजुल दीवान निवासी बावाना, दिल्ली, 4. संजीत उर्फ काली निवासी शाहबाद डेयरी, दिल्ली, 5. मनदीप उर्फ स्कूटी निवासी शाहबाद दौलतपुर, दिल्ली, 6. प्रह्लाद कुमार उर्फ राज कुमार उर्फ मोटा निवासी सैक्टर-26, रोहिणी, दिल्ली तथा 7. सागर उर्फ सूरज निवासी सैक्टर-26, रोहिणी, दिल्ली के रूप में हुई। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा ।

पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि उपरोक्त आरोपी एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं तथा आदतन चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपी पहले घरों व दुकानों की रेकी करते हैं तथा यह सुनिश्चित करते हैं कि वहां कोई मौजूद नहीं है। इसके उपरांत रात्रि के समय मकानों के ताले अथवा दुकानों के शटर तोड़कर नकदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लेते हैं। उपरोक्त अभियोग में भी आरोपियों ने शिकायतकर्ता के मेडिकल स्टोर की रेकी करने के उपरांत रात्रि के समय दुकान का शटर तोड़कर गल्ले से नकदी चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया।

गिरोह पर 69 मामले हैं दर्ज

पुलिस पूछताछ में आरोपियों द्वारा जिला गुरुग्राम में 05 अन्य स्थानों तथा दिल्ली में 01 स्थान पर चोरी की वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया गया है। इस प्रकार आरोपियों द्वारा जिला गुरुग्राम व दिल्ली में चोरी की कुल 06 वारदातों का खुलासा किया गया है। इन सभी वारदातों के संबंध में नियमानुसार आगामी अनुसंधान एवं बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है।

आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी तारुल के विरुद्ध चोरी, नकबजनी, लूट व आर्म्स एक्ट के 15 अभियोग, आरोपी मनदीप उर्फ स्कूटी के विरुद्ध चोरी व नकबजनी के 07 अभियोग, आरोपी प्रह्लाद कुमार उर्फ मोटा के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के 02 अभियोग तथा आरोपी सागर उर्फ सूरज के विरुद्ध चोरी, नकबजनी, लूट व आर्म्स एक्ट सहित 45 अभियोग पहले भी दिल्ली में अंकित हैं । इन सभी आरोपियों पर कुल मिलाकर 69 मामले दर्ज हैं ।

पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। अभियोग में चोरी की गई नकदी व अन्य संपत्ति की बरामदगी तथा गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। अभियोग का अनुसंधान जारी है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button