Chori In Bus : चलती बस में फिल्मी स्टाइल में गहनों की चोरी, बेटी ने मचाया शोर तो दबोचा गया चोर

Chori In Bus : गुरुग्राम में एक चलती हुई बस में से सोने के गहनों से भरा बैग चोरी हो गया और चोर उस बैग को लेकर बड़ी ही आसानी से फरार भी हो गया लेकिन लोगों ने एक चोर को मौके पर धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर लिया । घटना दिल्ली गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर नरसिंह पुर के पास की है ।
दरअसल पुणे का रहने वाला एक परिवार दिल्ली से रेवाड़ी राजस्थान रोड़वेज की बस में रेवाड़ी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था तभी घर के एक सदस्य को पता चला कि उनका गहनों से भरा बैग चोरी हो गया है तो एक महिला जोर जोर से चिल्लाने लगी तभी बस ड्राइवर ने नरसिंह पुर में बस को रोक दिया । बस रुकते ही उसमें से तीन संदिग्ध बस से उतरकर भागने लगे तभी बस में सवार यात्रियों ने उनमें से एक आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा ।
जबकि दो अन्य आरोपी चोरी किया हुआ बैग लेकर मौके से फरार हो गए । घटना की जानकारी गुरुग्राम पुलिस को दी गई जिसके बाद गुरुग्राम पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया । गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रोहतक निवासी बिजेन्द्र उर्फ मुन्ना के रुप में हुई है ।
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से चोरी किया गहनों से भरा बैग बरामद कर लिया गया है जिसमें सोने का मंगलसूत्र और सोने के झुमके थे । पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तीनों संदिग्ध चोर गुरुग्राम के राजीव चौक से ही बस में सवार हुए थे ।
नशे की लत बनी अपराध की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी बिजेन्द्र ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं । आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि आरोपी बिजेन्द्र गाँव में फेरी लगाकर छोटा-मोटा सामान बेचता है। आरोपी और उसके साथी शराब के आदी हैं। नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए उन्होंने चोरी का रास्ता चुना। गिरफ्तारी के डर से आरोपी ने गहने द्वारका एक्सप्रेस-वे के पास फेंक दिए थे । पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 01 सोने का मंगलसूत्र और 01 जोड़ी सोने की झुमकी बरामद कर ली है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
गुरुग्राम पुलिस ने आरोपी को आज 19 फरवरी को माननीय अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे 01 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब फरार चल रहे अन्य दो आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बस या ट्रेन में यात्रा करते समय अपने कीमती सामान और बैग का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत शोर मचाएं या पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करें।









