Breaking News : बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से गुरुग्राम के हालात बिगड़े, गुस्साए लोगों ने सड़कों पर लगाया जाम

Breaking News : गुरुग्राम और नूंह में प्राइवेट कंपनी को बिजली आपूर्ति का लाइसेंस देने के विरोध में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के पहले ही दिन से ही गुरुग्राम जैसे शहर में बिजली और पानी व्यवस्था चरमरा गई है । लगभग आधे गुरुग्राम में बुधवार रात से ब्लैकआउट जैसी स्थिति पैदा हो गई है । गुस्साए लोगों ने गुरुवार रात गुरुग्राम के कई इलाकों में सड़कों पर उतर कर जाम लगा दिया । मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया ।

बिजली कर्मचारिियों की हड़ताल के चलते ओल्ड गुरुग्राम के अशोक विहार, भीमगढ़ खेड़ी, धनवापुर, राजेन्द्रा पार्क, दौलताबाद, पालम विहार, सेक्टर 4, सेक्टर 5, शिवाजी नगर इलाकों में बुधवार रात से ही बिजली सप्लाई की आंखमिचोली जारी है । कई इलाकों में तो बुधवार रात 10 बजे से ही बत्ती गुल है । लोगों को भारी परेशानी हो रही है । घरों में इनवर्टर ठप हो चुके हैं ।

बुधवार रात को गुल हुई बिजली का लोग गुरुवार दिनभर इंतजार करते रहे लेकिन कई इलाकों में 24 घंटे बाद भी जब बिजली नहीं आई तो बीती रात करीब 9 बजे गुरुग्राम के दौलताबाद फ्लाइओवर के पास लोगों ने सड़क पर उतर कर जाम लगा दिया । जाम लगाने की सूचना जैसे ही गुरुग्राम पुलिस को मिली । गुरुग्राम पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाबुझा कर जाम खुलवाया लेकिन बिजली फिर भी नहीं आई ।

बिजली बोर्ड में लगे ताले

कई इलाकों में महिलाएं और इलाके के लोग इक्कट्ठा होकर बिजली बोर्ड पहुंचे तो देखा कि बिजली बोर्ड में ताला लटका हुआ है । स्थानीय लोगों ने आरोप लगाए कि लाइनमैन और एक्सईएन के मोबाइल नबंर बंद पड़े हैं । शिकायतों को सुनने वाला कोई नहीं है । 24 घंटों से घरों में बिजली नहीं है जिस वजह से कुछ भी काम नहीं हो पा रहा है । बिजली घरों पर ताले लटके हुए हैं । ऐसे में लोगों की परेशानी बढ़ गई है ।

बिजली ना होने से पानी का संकट गहराया

गुरुग्राम के कई इलाकों में बिजली ना होने से अब पानी का संकट भी गहरा गया है । कई इलाकों में 24 घंटो से पानी भी नहीं आ रहा है । बिजली कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए जीएमडीए ने भी मैनटेंनेंस शट डाउन को टाल दिया ताकि गुरुग्राम वासियों को पानी की आपूर्ति की जा सके । लेकिन बिजली ना होने की वजह से गुरुग्राम के कई इलाकों में पानी की सप्लाई भी ठीक से नहीं हो पा रही है ।

इंडस्ट्रियल इलाकों में फैक्ट्रियां ठप

गुरुग्राम में बिजली कटौती से केवल रिहायशी इलाके ही प्रभावित नहीं है बल्कि गुरुग्राम के व्यावसायिक इलाकों में बिजली कटौती की वजह से कई फैक्ट्रियों में कामकाज बिल्कुल ठप हो गया है जिसकी वजह से सैंकड़ों करोड़ो रुपए का कारोबार बंद पड़ गया है । सेक्टर 37  और कादीपुर इंडस्ट्रियल इलाकों में भी बुधवार रात 10 बजे से बिजली पूरी तरह ठप हो गई है । जिस वजह से यहां पर बनी फैक्ट्रियों में गुरुवार के पूरे दिन कामकाज बिल्कुल ठप हो गया  ।

रोड़वेज कर्मचारियों का हड़ताल को समर्थन

बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल को हरियाणा रोड़वेज कर्मचारियों ने अपना समर्थन दे दिया है । शुक्रवार को रोड़वेज कर्मचारी साझा मोर्चा ने शुक्रवार को बिजली कर्मचारियों के समर्थन में रोड़वेज डिपो पर प्रदर्शन करने का एलान किया है । हरियाणा रोड़वेज के कर्मचारी शुक्रवार को डिपो पर दो घंटे का प्रदर्शन करेंगे ।

हेल्पाइन नंबर बने सफेद हाथी

हड़ताल के चलते जिला प्रशासन ने शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए लेकिन वो भी सफेद हाथी साबित हुए । पहले ही दिन हज़ारों की संख्या में बिजली की शिकायते पहुंची लेकिन शिकायतें केवल दर्ज की सकी उनका समाधान नहीं सका ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤