BREAKING NEWS : ‘सरकार’ का साम्राज्य किया ध्वस्त, अपराधियों पर लगाम लगाने की एक और बड़ी कार्रवाई

BREAKING NEWS : हरियाणा में अपराधियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) और गुरुग्राम पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है । बुधवार को फरुखनगर तहसील के गांव ताजनगर में कुख्यात गैंगस्टर रविंदर सिंह उर्फ ‘सरकार’ द्वारा अवैध रूप से बनाए गए आलीशान मकान को बुलडोज़र की मदद से जमींदोज कर दिया गया।

350 वर्ग गज में बना था ‘सरकार’ का अवैध साम्राज्य

जांच में सामने आया कि गैंगस्टर रविंदर सिंह उर्फ ‘सरकार’ ने जीएमडीए की बिना किसी अनुमति के लगभग 350 वर्ग गज क्षेत्र में सात कमरों वाला दो मंजिला मकान बनाया हुआ था। यह कार्रवाई ‘पंजाब शेड्यूल्ड रोड्स एंड कंट्रोल्ड एरियाज रेस्ट्रिक्शन ऑफ अनरेगुलेटेड डेवलपमेंट एक्ट, 1963’ की धारा 12(2) के तहत की गई है।

दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक मामले

गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि गैंगस्टर रविंदर उर्फ ‘सरकार’ कोई साधारण अपराधी नहीं है, उस पर हत्या, हत्या का प्रयास, डकैती, जबरन वसूली और शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों के तहत 15 मुकदमे दर्ज हैं । गुरुग्राम पुलिस ने इसे आदतन अपराधियों और भूमि माफियाओं के खिलाफ एक ‘सटीक एवं सशक्त अभियान’ करार दिया है।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

इस ध्वस्तीकरण अभियान का नेतृत्व अतिक्रमण के नोडल अधिकारी और जिला नगर योजनाकार (DTP) आर.एस. बाठ ने किया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर सीआईए प्रभारी लोकेश कुमार, एसएचओ संतोष कुमार और लगभग 50 पुलिसकर्मियों का बल मौजूद रहा। निर्माण को गिराने के लिए दो जेसीबी मशीनों का उपयोग किया गया।

भूमि माफियाओं के खिलाफ जारी रहेगा अभियान

आर.एस. बाठ ने बताया कि पिछले 20 दिनों से जीएमडीए सरकारी और निजी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया प्राधिकरण उल्लंघन करने वालों के ज़ीरो टोलरेंस की नीति अपना रहा है। भूमि माफिया द्वारा कब्जाई गई करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को मुक्त कराया गया है और यह अभियान भविष्य में भी इसी तीव्रता के साथ जारी रहेगा।

गुरुग्राम पुलिस और प्रशासन की इस साझा कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर में किसी भी प्रकार का अवैध विकास या आपराधिक नेटवर्क बर्दाश्त नहीं किया जाएगा ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button