Breaking News : मानेसर में रहस्यमयी मौत ! बाइक पर बैठी हालत में मिला 36 वर्षीय मजदूर का शव

Breaking News : गुरुग्राम के मानेसर एरिया में बाइक के ऊपर शव मिलने से हड़कंप मच गया । घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब मृतक की बीवी अपने पति को ढूंढते ढूंढते उसके शव के पास पहुंची । जब पत्नी मौके पर पहुंची तो देखा उसका पति बाइक पर सिर के बल बैठा हुआ है और उसकी मौत हो चुकी है । घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई जिसके बाद मानेसर पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची ।
बाइक के ऊपर बैठे बैठे हुई मौत
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह गुरुग्राम पुलिस को सूचना मिली कि मानेसर सेक्टर 1 में शराब के ठेके के पास एक बाइक पर व्यक्ति की मौत हो गई है जिस सूचना पर मानेसर पुलिस थाने की एक टीम मौके पर पहुंची । जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि बाइक स्टैंड पर लगी हुई है और उसके ऊपर बैठा हुए शख्स का एक पैर नीचे जमीन पर है जबकि दूसरा पैर बाइक के ऊपर ही है ।

मृतक बाइक के हैंडल की तरफ सिर झुकाकर लेटा हुआ है । मृतक के ऊपर शॉल भी ढका हुआ है । पुलिस ने जानकारी दी है कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की चोट का कोई निशान नहीं मिला है । मृतक की पहचान मध्यप्रदेश निवासी 36 वर्षीय बालकिशन के रुप में हुई है । पुलिस ने बताया कि मृतक मानेसर एरिया में मजदूरी का काम करता था ।
सब्जी लेने निकला नहीं लौटा वापिस
जानकारी मिली है कि मृतक बालकिशन बीती रात अपने घर से सब्जी लेने के लिए मार्केट जा रहा था लेकिन देर रात तक वापिस नहीं लौटा । मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि बालकिशन घर से सब्जी लाने के लिए निकला था लेकिन जब देर रात तक वापिस नहीं लौटा तो उसने अपने पति को काफी खोजने की कोशिश की लेकिन उसकी कोई जानकारी नहीं लगी । सुबह जाकर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है ।
तीन दिन से पेट में था दर्द
मृतक बालकिशन की पत्नी ने पुलिस को जानकारी दी है कि उसके पति बालकिशन को पिछले तीन दिन से पेट दर्द था । वो दवाई भी ले रहा था लेकिन अचानक उसकी बाइक पर बैठे बैठे कैसे मौत हो गई ये किसी को नहीं पता चला ।
शराब के ठेके के पास बाइक पर पड़ा मिला शव
बड़ी बात ये है कि जहां पर बालकिशन का शव मिला उससे कुछ कदमों की दूरी पर ही शराब का ठेका है लेकिन पूरी रात बाइक पर मृत अवस्था में पड़े हुए बालकिशन को किसी ने नहीं देखा । अब पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है । पुलिस का कहना है कि परिवार वालों का कहना है कि उसकी तबीयत खराब थी लेकिन मौत के असल कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम के बाद ही हो पाएगा ।