श्रमिकों के लिए बड़ी खबर! गुरुग्राम में ESIC ने बताए नए Labour Code और सामाजिक सुरक्षा के फायदे

ESIC : कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), उप क्षेत्रीय कार्यालय, गुरुग्राम की ओर से श्रम संहिताओं (लेबर कोड), श्रमिकों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा एवं कर्मचारी हितलाभों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रमिकों, नियोक्ताओं एवं अन्य संबंधित हितधारकों को श्रम कानूनों में हुए सुधारों, सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों तथा ईएसआई योजना के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न हितलाभों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय निदेशक हरिओम प्रकाश ने कहा कि श्रम सुधारों का उद्देश्य श्रमिकों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ श्रम कानूनों को सरल एवं प्रभावी बनाना तथा नियोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच पारदर्शिता, विश्वास एवं समन्वय को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए श्रमिकों, नियोक्ताओं और प्रशासन सहित सभी हितधारकों में जागरूकता आवश्यक है।

श्रमिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ दायित्वों की जानकारी होनी चाहिए, वहीं नियोक्ताओं को भी श्रम कानूनों एवं सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने नियोक्ताओं से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को ईएसआई योजना एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं के बारे में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।

बीमाकृत व्यक्तियों को विभिन्न हितलाभों के चेक किए वितरित

सेमिनार के दौरान क्षेत्रीय निदेशक हरिओम प्रकाश ने बीमाकृत व्यक्तियों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा हितलाभों के चेक भी वितरित किए। इनमें मातृत्व हितलाभ, आश्रित हितलाभ एवं बीमारी हितलाभ सहित अन्य लाभ शामिल रहे। उन्होंने बीमाकृत व्यक्तियों से ईएसआई योजना के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं एवं हितलाभों की जानकारी रखने तथा पात्रता के अनुसार उनका समय पर लाभ उठाने का आह्वान किया।

नए श्रम कोड के प्रावधानों की दी जानकारी

उप निदेशक सन्नी कुशवाहा ने नए श्रम कोड के विभिन्न प्रावधानों के बारे में प्रतिभागियों को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने श्रम संहिताओं की प्रमुख विशेषताओं, उद्देश्यों तथा श्रमिकों एवं नियोक्ताओं पर पड़ने वाले प्रभावों को सरल एवं व्यावहारिक भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों की जानकारी श्रमिकों को अपने अधिकारों एवं वैधानिक संरक्षण को समझने में मदद करती है, जबकि नियोक्ताओं के लिए यह कानूनों के प्रभावी अनुपालन और बेहतर औद्योगिक संबंधों के लिए आवश्यक है। उन्होंने प्रतिभागियों की ओर से उठाए गए विभिन्न व्यावहारिक प्रश्नों का भी समाधान किया और श्रम संहिताओं से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को स्पष्ट किया।

ईएसआई योजना के विभिन्न हितलाभों पर हुई चर्चा

सहायक निदेशक कमलेन्द्र कुमार ने ईएसआईसी द्वारा प्रदान किए जा रहे विभिन्न हितलाभों एवं सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने चिकित्सा, बीमारी, मातृत्व, अस्थायी एवं स्थायी अपंगता तथा आश्रित हितलाभ सहित विभिन्न सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि ईएसआई योजना के माध्यम से बीमाकृत व्यक्तियों के साथ पात्र आश्रित परिवारजनों को भी विभिन्न परिस्थितियों में सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाती है।

50 से अधिक नियोक्ताओं एवं नियोक्ता संघ के प्रतिनिधियों ने लिया भाग

सेमिनार में गुरुग्राम के 50 से अधिक नियोक्ताओं तथा नियोक्ता संघ के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान नियोक्ताओं ने श्रम संहिताओं, ईएसआई योजना, बीमाकृत व्यक्तियों से संबंधित समस्याओं, विभिन्न हितलाभों तथा श्रम कानूनों के अनुपालन से जुड़े व्यावहारिक विषय अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए संबंधित प्रावधानों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

श्रम संहिताओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर : डॉ. स्वीटी यादव

कार्यक्रम में जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वीटी यादव ने कहा कि श्रमिकों एवं नियोक्ताओं तक श्रम संहिताओं, श्रम कानूनों और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों की जानकारी सरल, सहज एवं प्रभावी भाषा में पहुंचाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जागरूक श्रमिक अपने अधिकारों एवं दायित्वों को बेहतर ढंग से समझने के साथ उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं का समुचित लाभ उठा सकते हैं। इसी प्रकार जागरूक नियोक्ता श्रम कानूनों का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सकारात्मक कार्य वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम को में दिनेश सैनी, विकास लोचवा, जय प्रकाश यादव, संजय वर्मा, अंकित पन्नू एवं सीमा कपूर मौजूद रहे।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤