Manesar ज़मीन घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, बिल्डर कंपनी पर छापे मारकर 6 लग्ज़री गाड़ियां जब्त

Manesar : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुग्राम-मानेसर भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में TDI Group के अध्यक्ष एवं TDI Infratech Limited और TDI Infrastructure Limited समेत समूह की कई कंपनियों के प्रबंध निदेशक रविंदर तनेजा से जुड़े व्यावसायिक और आवासीय परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई 28 सितंबर 2026 को चंडीगढ़ आंचलिक कार्यालय की ओर से की गई।
ED के अनुसार यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत चल रही जांच का हिस्सा है। यह मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज प्राथमिकी से शुरू हुई जांच से जुड़ा है। मानेसर, नौरंगपुर और नखडौला की 400 एकड़ से ज्यादा जमीन जांच के घेरे में जांच में सामने आया है कि मानेसर, नौरंगपुर और नखडौला गांवों में वर्ष 2007 में अधिग्रहण के लिए अधिसूचित 400 एकड़ से अधिक सरकारी जमीन को कथित तौर पर निजी बिचौलियों ने किसानों से कम कीमत पर खरीदा ।
ED के मुताबिक, जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया बाद में समाप्त हो गई और अवार्ड निरस्त कर दिया गया। इसके बाद इन्हीं जमीनों को बिचौलियों द्वारा कथित तौर पर काफी अधिक कीमत पर बेचा गया, जिससे भारी मुनाफा कमाया गया। ED ने अपनी जांच में रविंदर तनेजा के नेतृत्व वाले TDI Group की भूमिका ऐसे ही एक बिचौलिए के रूप में चिन्हित की है।
TDI Group ने करीब 33 एकड़ जमीन खरीदी
ED के मुताबिक, वर्ष 2005 से 2007 के बीच भूमि अधिग्रहण की अवधि के दौरान TDI Group ने किसानों से लगभग 33 एकड़ जमीन खरीदने और बाद में उसे अतुल बंसल समूह को कथित तौर पर भारी मुनाफे पर बेचने के लिए तीन कंपनियों का इस्तेमाल किया।
इन कंपनियों में शामिल हैं:
* Indo Asian Construction Company Private Limited
* NCR Properties Private Limited
* Divya Jyoti Enterprises Private Limited
ED इस पूरी खरीद-बिक्री और इससे जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन की जांच कर रहा है।
तीन दिन से ज्यादा चली ED की तलाशी
प्रवर्तन निदेशालय की तलाशी नई दिल्ली और एसएएस नगर स्थित परिसरों में तीन दिनों से अधिक समय तक चली। इस दौरान अन्य परियोजनाओं से संबंधित कथित अनियमितताओं और अवैध गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज भी जांच एजेंसी के सामने आए हैं। ED के अनुसार तलाशी कार्रवाई में परियोजना से जुड़े दस्तावेज, फाइलें, डिजिटल उपकरण, कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और सर्वर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा अपराध से अर्जित आय से संबंधित माने गए लग्जरी वाहन भी जब्त किए गए ।
जब्त दस्तावेजों, संदिग्ध परिसंपत्तियों और TDI Group की कंपनियों के वित्तीय मामलों की जांच फिलहाल जारी है। ED ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
