खुशखबरी: अब Toll Plaza पर नहीं रुकेंगे वाहन, NHAI ने देश के सभी हाईवे ‘बैरियर फ्री’ करने की तैयारी शुरू
गुरुग्राम में तैयारी तेज : दिल्ली-NCR के इन टोल प्लाजा पर हटेगा बैरियर; खेड़कीदौला और सोहना रोड पर बिना रुके फर्राटा भरेंगे वाहन

Toll Plaza : भारत के राष्ट्रीय राजमार्गों (National Highways) पर सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अगले एक साल के भीतर देश के सभी टोल प्लाजा से ‘बैरियर’ (Naka) पूरी तरह हटा दिए जाएंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ‘मल्टीलेन फ्री फ्लो सिस्टम’ विकसित कर रहा है, जिससे वाहन बिना रुके 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से टोल पार कर सकेंगे।
क्या है मल्टीलेन फ्री फ्लो सिस्टम?
बैरियर-फ्री या ‘बैरियर लेस’ टोल प्लाजा पर कोई फिजिकल बैरियर (डंडा) नहीं होगा। सड़क के ऊपर हाई-टेक कैमरे और सेंसर लगे होंगे जो वाहन के गुजरते ही उसके फास्टैग (FASTag) को रीड कर लेंगे। इससे वाहनों को एक सेकंड के लिए भी रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नियमों में बड़े बदलाव: रिचार्ज नहीं तो भी नहीं रुकेगा वाहन
नए सिस्टम की सबसे खास बात यह है कि यदि आपके फास्टैग में बैलेंस नहीं है, तो भी आपको टोल पर रोका नहीं जाएगा।
72 घंटे की मोहलत: टोल पार करने के बाद वाहन मालिक के पास ई-नोटिस आएगा। उसे 72 घंटे के भीतर टोल राशि जमा करनी होगी।
देरी पर दोगुना जुर्माना: यदि 72 घंटे के भीतर भुगतान नहीं किया गया, तो टोल की राशि दोगुनी हो जाएगी।
फास्टैग बैन: जुर्माना न भरने की स्थिति में उस फास्टैग को तब तक के लिए बैन कर दिया जाएगा जब तक बकाया भुगतान नहीं होता।
गुरुग्राम और दिल्ली-NCR में तैयारी तेज
NCR के यात्रियों को इस सुविधा का लाभ सबसे पहले मिलने की उम्मीद है। दिल्ली और गुजरात में एक-एक ट्रायल सफल होने के बाद अब इन टोल प्लाजा को अपग्रेड किया जा रहा है:
घामड़ोज टोल: गुरुग्राम-सोहना हाईवे।
हिलालपुर टोल: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे।
बिजवासन टोल: द्वारका एक्सप्रेसवे।
खेड़कीदौला टोल: इसे पचगांव शिफ्ट कर ‘बैरियर-फ्री’ बनाने की योजना है।
आम आदमी को क्या होगा फायदा?
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा के अनुसार, इस कदम से कई बड़े लाभ होंगे:
ईंधन और समय की बचत: जाम न लगने से करोड़ों लीटर ईंधन और कीमती समय बचेगा।
प्रदूषण में कमी: टोल पर खड़े होकर वाहन स्टार्ट रखने से होने वाला प्रदूषण कम होगा।
ट्रैफिक का दबाव खत्म: त्योहारों और वीकेंड पर होने वाली लंबी कतारों से मुक्ति मिलेगी।
“NHAI का लक्ष्य सभी 1200 टोल प्लाजा को बैरियर-फ्री करना है। अब तक 150 टोल प्लाजा के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।” — हर्ष मल्होत्रा, राज्यमंत्री