Gurugram में बारात पर हमला, साइड मांगने के विवाद में दबंगों ने बारातियों को लाठी-डंडों से पीटा
वारदात की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीम और ईआरवी (ERV) मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला 'साइड' लेने को लेकर हुए विवाद का लग रहा है। एहतियात के तौर पर शादी की बाकी रस्मों के लिए पुलिस मौजूद रही।

Gurugram : हरियाणा के गुरुग्राम में एक गांव में शादी समारोह के दौरान उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब शहनाई की गूंज के बीच लाठी-डंडे चलने लगे। बाराती जब नाच-गाने में मशगूल थे, तभी कुछ स्थानीय दबंगों ने अचानक उन पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में एक महिला सहित तीन घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं पीड़ित पक्ष की तरफ से शिकायत मिलने पर अभी तक पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। हालांकि इस घटना के बाद पुलिस की मौजूदगी में शादी की बाकी रस्म हुई। वहीं इलाके में अभी शांति का माहौल है।
जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार देर रात साढ़े बजे के आसपास उस समय हुई जब गांव मोलाहेडा से सरकारी स्कूल से वाल्मीकि समाज की बारात की चढ़त हुई। नाच गाने और गाजेबाजे के साथ बारात आगे बढ़ रही थी। बारात जब रास्ते में थी, तभी कार सवार दो से तीन युवकों ने भीड़ के बीच से निकलने के लिए साइड मांगी।
सड़क पर नाचते-गाते बारातियों की संख्या अधिक होने के कारण रास्ता देने में थोड़ी देरी हुई। बस इसी बात पर कार सवार युवक भड़क गए और बारातियों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। उसके बाद वह वापस चले गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी शराब के नशे में थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और दूल्हे के परिजनों के अनुसार बारात जब कम्युनिटी सेंटर पहुंची, तो वहां करीब एक दर्जन से अधिक युवक लाठी-डंडे लेकर धमक पड़े। हमलावरों बारातियों को बेरहमी से पीटा, वहां मौजूद महिलाओं को भी नहीं छोड़ा।
दूल्हे की एक महिला रिश्तेदार को भी चोटें आई हैं। अचानक हुए इस हमले से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। आरोपियों की तरफ से शादी में तोडफोड़ भी की गई। उसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीम और ईआरवी (ERV) मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला ‘साइड’ लेने को लेकर हुए विवाद का लग रहा है। एहतियात के तौर पर शादी की बाकी रस्मों के लिए पुलिस मौजूद रही।
पालम विहार थाना प्रभारी ने बताया कि रास्ते को लेकर विवाद हुआ था। अभी तक उनको शिकायत नहीं मिली है और इलाके में शांति बनी हुई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। (Gurugram)









