Vatika Group पर ED का बड़ा एक्शन, 545 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी अटैच की

Vatika Group : वाटिका ग्रुप और उसके प्रमोटरों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के गुरुग्राम जोनल कार्यालय ने 25 नवंबर 2026 को वाटिका ग्रुप और उसके प्रमोटरों से जुड़ी करीब 545.96 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच किया है। यह कार्रवाई प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत की गई है।

ईडी के अनुसार, यह मामला वाटिका लिमिटेड, उसके प्रमोटर-डायरेक्टर अनिल भल्ला, गौतम भल्ला और गौरव भल्ला समेत अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज कई FIR से जुड़ा है। इन मामलों में आर्थिक अपराध शाखा (EOW), दिल्ली पुलिस और अन्य एजेंसियों ने धोखाधड़ी, प्लॉट की डबल बिक्री और खरीदारों को आवासीय प्लॉट नहीं देने के आरोप लगाए थे ।

2010 से 2012 के बीच खरीदारों ने जमा किए करीब 267 करोड़ रुपये

जांच में सामने आया कि वर्ष 2010 से 2012 के बीच सात खरीदार कंपनियों ने करीब 266.95 करोड़ रुपये वाटिका लिमिटेड के आवासीय प्रोजेक्ट्स में जमा किए थे। यह रकम प्लॉट खरीदने के लिए दी गई थी। इसके बाद वर्ष 2014 और 2015 में प्लॉट से संबंधित एग्रीमेंट भी किए गए।

ईडी के मुताबिक, बाद में प्रोजेक्ट के प्लॉट नंबर बदल दिए गए या उन्हें दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया। इसके बावजूद जमीन पर मौजूद प्लॉट अलग-अलग खरीदारों को आवंटित कर बेच दिए गए। वाटिका इंडिया नेक्स्ट-1 में करीब 90 करोड़ रुपये की कीमत के प्लॉट लगभग 14 साल बाद भी खरीदारों को दिए गए, जबकि वाटिका इंडिया नेक्स्ट-2 में करीब 140.73 करोड़ रुपये के प्लॉट आज भी आवंटित नहीं किए गए हैं।

22 कंपनियों के जरिए जमीन और फंड का संचालन

ईडी की जांच में यह भी पता चला कि प्रोजेक्ट की जमीन करीब 22 ग्रुप कंपनियों के जरिए रखी गई थी। इनमें कई कंपनियों के पास न कर्मचारी थे और न ही स्वतंत्र कारोबारी गतिविधियां। इन कंपनियों का इस्तेमाल जमीन, लैंड बैंक, कॉरपोरेट गारंटी और वित्तीय संस्थानों से जुड़े कामों के लिए किया जाता था। जांच एजेंसी का आरोप है कि खरीदारों से प्राप्त रकम संबंधित प्रोजेक्ट में लगाने के बजाय दूसरी ग्रुप कंपनियों और प्रमोटर से जुड़ी संस्थाओं में ट्रांसफर की गई ।

165 प्लॉट बेचने का समझौता, 15 प्लॉट पहले ही बेचे गए

ईडी ने 2024 में स्केलर वेंचर्स बिजनेस सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के साथ हुए एक अलग लेनदेन की भी जांच की। इस समझौते के तहत वाटिका लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों ने 165 प्लॉट बेचने का करार किया था। इन प्लॉटों का कुल क्षेत्रफल लगभग 53,648.94 वर्ग गज बताया गया है।

जांच में सामने आया कि समझौते के तहत 165 प्लॉट में से 15 प्लॉट पहले ही अन्य खरीदारों को बुक कर दिए गए थे। इसके बावजूद स्केलर वेंचर्स से करीब 60 करोड़ रुपये प्राप्त किए गए। ईडी के अनुसार, इन प्लॉटों की पहले बिक्री और प्राप्त रकम की जानकारी समझौते के दौरान छिपाई गई थी। इसके अलावा, 9 प्लॉट एक भल्ला परिवार से जुड़ी कंपनी बायानी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम भी आवंटित किए गए थे, जिसके बदले करीब 1.30 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ था।

लग्जरी कार, सोना, हीरे और बैंक खाते भी जब्त

ईडी ने जांच के दौरान पहले भी PMLA के तहत तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान करीब 1.3 किलो सोने और हीरे की ज्वेलरी, मर्सिडीज-बेंज GLC 300 कार, बैंक खाते और फिक्स्ड डिपॉजिट (FDR) को जब्त और फ्रीज किया गया था।

जांच एजेंसी के मुताबिक, तलाशी के दौरान जब्त की गई संपत्तियों का मूल्य करीब 22.58 करोड़ रुपये है। इस मामले में अब तक अपराध से अर्जित संपत्ति (Proceeds of Crime) की कुल राशि करीब 568 करोड़ रुपये आंकी गई है।

अनिल भल्ला और गौतम भल्ला गिरफ्तार

ईडी ने वाटिका ग्रुप के प्रमोटर अनिल भल्ला और गौतम भल्ला को 28 सितंबर 2026 को PMLA के तहत गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

ईडी ने अनिल भल्ला, गौतम भल्ला, अनिल भल्ला परिवार से जुड़े ट्रस्ट, कंचन भल्ला परिवार और अन्य ग्रुप कंपनियों के नाम पर मौजूद संपत्तियों को भी अस्थायी रूप से अटैच किया है। इनमें गुरुग्राम स्थित फार्म हाउस और अन्य संपत्तियों के अलावा दिल्ली में संपत्तियां भी शामिल हैं । मामले में ईडी की जांच अभी जारी है । ईडी द्वारा की गई कार्रवाई पर अभी वाटिका ग्रुप की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤