Wife Murder : साली की शादी में ससुराल वालों से हुई कहासुनी तो पत्नी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया

Wife Murder : गुरुग्राम के भौंडसी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने पत्नी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने PGI रोहतक में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में हत्या की धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है ।
घटना की जानकारी पुलिस को 01 दिसंबर 2025 को सामान्य अस्पताल, सोहना से मिली, जहां एक महिला को आग में झुलसने के बाद भर्ती किया गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने अस्पताल से महिला की MLR हासिल की। डॉक्टरों ने पीड़िता को गंभीर हालत के चलते सिविल अस्पताल सेक्टर-10 गुरुग्राम रेफर कर दिया। यहां से उसे PGI रोहतक भेजा गया, जहां पुलिस टीम ने पीड़िता के बयान दर्ज किए।
मृतका नीतू (उम्र 37), निवासी रायसीना भौंडसी, ने अपने बयान में बताया कि उसकी शादी 16 वर्ष पहले आनंद (उम्र 44) से हुई थी। 30 नवंबर को उसका पति शराब पीकर घर आया और उसके साथ मारपीट करने लगा। इसके बाद आरोपी ने घर में खड़ी बाइक से पेट्रोल निकालकर नीतू पर छिड़क दिया और लाइटर से आग लगा दी। आग लगने पर नीतू चीखते हुए गली में भागी, जहां उसके ससुर और अन्य परिवारजन पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाया गया।
तड़पकर 8 दिन बाद तोड़ा दम
आग में बुरी तरह झुलसी नीतू को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया । डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की कि नीतू को बचाया जा सके लेकिन आग में बुरी तरह झुलसी नीतू को बचाया ना जा सका और 8 दिन जिंदगी और मौत से हुई लड़ाई में आखिरकार 8 दिसंबर को नीतू जिंदगी की जंग हार गई और उसकी इलाज के दौरान 08 दिसंबर 2025 को PGI रोहतक में मौत हो गई। पीड़िता के बयान और मामले की गंभीरता को देखते हुए भौंडसी थाना पुलिस ने हत्या के संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
साली की शादी से हुई रंजिश
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 08 दिसंबर को आरोपी पति आनंद को रायसीना भौंडसी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले ससुराल में उसकी साली की शादी थी इस दौरान ससुराल वालों के साथ उसकी कहासुनी हो गई जिसका बदला लेने के लिए अपने शराब के नशे में अपनी ही पत्नि पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी । जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई । पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है









