Builder Arrested : करोड़ों की धोखाधड़ी मामले में ‘Vipul Limited’ का CEO पुनीत बेरीवाला गिरफ्तार, 2 दिन की रिमांड पर

Builder Arrested : हरियाणा के गुरुग्राम में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है । गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-2 (EOW-2) ने विपुल लिमिटेड (Vipul Limited) के सीईओ पुनीत बेरीवाला (Punit Beriwala) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर निवेशकों को लुभावने रिटर्न का झांसा देकर करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप है ।

क्या है पूरा मामला ?

मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले की शुरुआत 1 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब गुरुग्राम के थाना शिवाजी नगर में कुछ वकीलों ने शिकायत दर्ज कराई थी । शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में उन्होंने एक प्रोजेक्ट के लिए विपुल लिमिटेड में 6 करोड़ रुपये का निवेश किया था।

गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुनीत बेरीवाला ने उन्हें शानदार रिटर्न देने का भरोसा दिलाया था, लेकिन निवेश की राशि प्राप्त करने के बाद न तो कोई रिटर्न दिया गया और न ही मूल राशि वापस की गई। जब पीड़ितों ने अपने पैसे मांगे, तो आरोपी ने उन्हें टालना शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस में धोखाधड़ी (Section 420 IPC/BNS) और अमानत में खयानत (Section 406) का मामला दर्ज किया गया।

27 फरवरी को हुई गिरफ्तारी

आर्थिक अपराध शाखा-2 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पुनीत बेरीवाला (उम्र 62 वर्ष) को 27 फरवरी 2026 को गुरुग्राम से ही दबोच लिया। आरोपी मूल रूप से दिल्ली के मालवीय नगर का निवासी है और वर्तमान में गुरुग्राम के सेक्टर-42 में रह रहा था।

पुलिस जांच में बड़े खुलासे

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी ने शिकायतकर्ताओं से लिए गए पैसे उस प्रोजेक्ट में नहीं लगाए जिसके लिए वादा किया गया था । इसके बजाय, उसने उन रुपयों को अन्य प्रोजेक्ट्स में डायवर्ट कर दिया।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया है कि पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर 2 दिन की पुलिस हिरासत (रिमांड) पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस अन्य साथियों की संलिप्तता और पैसों की रिकवरी के संबंध में पूछताछ करेगी।

पुराने मामलों से जुड़े तार ?

उल्लेखनीय है कि पुनीत बेरीवाला के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज रहे हैं। पहले थाना बादशाहपुर (FIR No. 25, 2025) में भी उन पर जमीन के सौदे में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज (Section 467, 468, 471) तैयार करने के गंभीर आरोप लगे थे। उस मामले में शिकायतकर्ता सोताज सिंह ने आरोप लगाया था कि उनकी कृषि भूमि को बिना किसी भुगतान के ‘एंट्रेप्रेन्योर्स कलकत्ता प्राइवेट लिमिटेड’ (विपुल लिमिटेड की सहयोगी कंपनी) के नाम करवा लिया गया था ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button