UPSC Exam के लिए सभी तैयारियां पूरी, रविवार को 20 हज़ार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

UPSC Exam : संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सर्विस प्रीलिमिनरी परीक्षा 24 मई 2026 को गुरुग्राम में दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन को लेकर लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीसी सोनू भट्ट ने की। बैठक में डीईओ इंदु बोकन, सेंटर सुपरवाइजर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर (एलआईओ), ट्रांजिट ऑफिसर, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे ।

एडीसी ने बताया कि जिले में कुल 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और परीक्षा में कुल 20 हजार 76 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा की पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी । उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ आपराधिक लापरवाही के तहत कार्रवाई की जाएगी ।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, वॉल क्लॉक, इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । एडीसी ने बताया कि इस बार परीक्षा में फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया लागू की जा रही है, जिसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्थिर वाई-फाई कनेक्शन अनिवार्य रहेगा। फेस ऑथेंटिकेशन से जुड़े सभी इनविजिलेटर्स को तकनीकी प्रशिक्षण लेने के निर्देश दिए गए हैं ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की समस्या न आए।

गर्मी को देखते हुए उन्होंने सभी केंद्रों पर विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर स्वच्छ पेयजल, डिस्पोजेबल ग्लास, छायादार प्रतीक्षा स्थल तथा मेडिकल सहायता की व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिए। किसी भी अभ्यर्थी की तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यकतानुसार एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

एडीसी ने सभी अधिकारियों को समय की पाबंदी, आपसी समन्वय और परीक्षा प्रक्रिया को पूरी गंभीरता व पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यूपीएससी परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button