Traffic Jams: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जाम होगा खत्म, एंबियंस मॉल से साइबर सिटी तक बनेगा एलिवेटेड रोड और अंडरपास
रोजाना निकलने वाले 3.63 लाख वाहन चालकों को मिलेगी बड़ी राहत; ₹130 करोड़ की लागत से डीएलएफ बनाएगा 3-लेन एलिवेटेड रोड और मोल्सरी एवेन्यू से दिल्ली के लिए अंडरपास

Traffic Jams/गुरुग्राम
दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर रोजाना सफर करने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। एंबियंस मॉल से लेकर डीएलएफ साइबर सिटी तक लगने वाले भयंकर ‘जाम के झाम’ (Traffic Jams) से अब जल्द ही स्थायी मुक्ति मिलने जा रही है। हरियाणा सरकार ने बुधवार को एंबियंस मॉल से डीएलएफ साइबर सिटी तक 3-लेन एलिवेटेड रोड और मोल्सरी एवेन्यू से दिल्ली की तरफ 3-लेन अंडरपास निर्माण के प्रस्ताव को औपचारिक मंजूरी दे दी है।
प्रतिदिन 3.63 लाख वाहनों का दबाव, सुबह-शाम बनता है चक्काजाम (Traffic Jams)
एक आधिकारिक सर्वे के अनुसार, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रोजाना औसतन 3.63 लाख वाहनों का आवागमन होता है। दिल्ली से गुरुग्राम की ओर प्रतिदिन लगभग 1.71 लाख वाहन आते हैं, जिनमें से अकेले 92 हजार वाहन एंबियंस मॉल के पास सर्विस रोड पर उतरते हैं।
सुबह के समय: एंबियंस मॉल सर्विस रोड पर प्रति घंटा 16,163 वाहन उतरते हैं, जिनमें से 8,985 वाहन सीधे साइबर सिटी का रुख करते हैं।
शाम के समय: सर्विस रोड पर प्रति घंटा 15,425 वाहन उतरते हैं, जिनमें से 13,080 वाहन साइबर सिटी की ओर जाते हैं।
वाहनों के इस भारी दबाव के कारण सर्विस रोड पर एंबियंस मॉल से साइबर सिटी तक लंबा ट्रैफिक जाम (Traffic Jams) लगा रहता है, जिससे कामकाजी लोगों और आम जनता को घंटों जूझना पड़ता है।
₹130 करोड़ का खर्च खुद उठाएगी डीएलएफ, एनएचएआई से मिल चुकी है हरी झंडी (Traffic Jams)
ट्रैफिक की इस समस्या से निपटने के लिए निजी डेवलपर ‘डीएलएफ लिमिटेड’ (DLF) ने एलिवेटेड रोड और अंडरपास का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया था।
लागत: इस पूरी परियोजना पर लगभग 130 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है, जिसे पूरी तरह से डीएलएफ वहन करेगी।
डिजाइन की खासियत: 3-लेन के इस एलिवेटेड रोड के निर्माण से नीचे मौजूद सर्विस रोड की चौड़ाई पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसके डिजाइन को पहले ही अपनी स्वीकृति दे दी थी, जिसके बाद फाइल मुख्यमंत्री के पास भेजी गई थी। बुधवार को मुख्यमंत्री की मंजूरी के साथ ही निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।
शिव मूर्ति से सीधे जुड़ेंगे एलिवेटेड रोड, सफर होगा बेहद सुगम : Traffic Jams
इसके साथ ही, मोल्सरी एवेन्यू रोड से दिल्ली-जयपुर हाईवे के नीचे से होते हुए जयपुर से दिल्ली की ओर जाने के लिए एक नए 3-लेन अंडरपास का निर्माण किया जाएगा।
एनएचएआई पहले से ही दिल्ली के महिपालपुर स्थित शिव मूर्ति से एंबियंस मॉल तक एलिवेटेड रोड बनाने की योजना पर काम कर रहा है। डीएलएफ का यह नया एलिवेटेड रोड सीधे शिव मूर्ति वाले कॉरिडोर से कनेक्ट हो जाएगा। इस कनेक्टिविटी के बनने के बाद दिल्ली से साइबर सिटी या राजीव चौक जाने वाले वाहन चालकों को बिना किसी रुकावट या जाम के सीधा सिग्नल-फ्री रास्ता मिल जाएगा।
