Traffic Advisory : रविवार को इस रोड पर जाना है तो पहले देख लें ये ट्रैफिक एडवाइजरी, वरना रास्ते में फंस सकते हैं आप
रैली के दौरान भीड़भाड़ और सुरक्षा कारणों से सोहना शहर की ओर भारी वाहनों को आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Traffic Advisory : अगर आप रविवार को सोहना या तावडू के रास्ते यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। तावडू में होने वाली एक रैली के मद्देनजर गुरुग्राम पुलिस ने सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
दरअसल रविवार को तावडू की नई अनाज मंडी में सोहना के विधायक तेजपाल तंवर के द्वारा विकसित रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली में हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना है। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचेंगे।
सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक रहेगा प्रतिबंध पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह 07:00 AM से दोपहर 02:00 PM तक सोहना से तावडू की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों (Heavy Vehicles) पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। रैली के दौरान भीड़भाड़ और सुरक्षा कारणों से सोहना शहर की ओर भारी वाहनों को आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने चालकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों की घोषणा की है, ताकि उन्हें जाम का सामना न करना पड़े।
भारी वाहनों के लिए इन वैकल्पिक रास्तों का सुझाव
पलवल से तावडू जाने वाले वाहन:
जो वाहन चालक पलवल मार्ग से तावडू की ओर जाना चाहते हैं, उन्हें सोहना शहर के बजाय मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते KMP (कुंडली-मानेसर-पलवल) का प्रयोग करना होगा।
फरीदाबाद से तावडू जाने वाले वाहन:
फरीदाबाद से सोहना होते हुए तावडू जाने वाले भारी वाहनों को भी मुंबई एक्सप्रेसवे और KMP का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
हल्के वाहनों के लिए सलाह
हालांकि निजी कारों और हल्के वाहनों के लिए रास्ता बंद नहीं किया गया है, लेकिन रैली के कारण सड़कों पर भारी भीड़ होने की संभावना है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए इन घंटों के दौरान वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें या अपनी यात्रा के समय में बदलाव करें। (Traffic Advisory)









