DGP Haryana की रेस हुई और भी दिलचस्प : आलोक मित्तल और अरशिंदर सिंह चावला को पदोन्नति, सात हुए दावेदार
DGP रैंक पर पदोन्नत हुए इन दो अधिकारियों के अलावा, राज्य में वर्तमान में मोहम्मद अकील, शत्रुजीत कपूर, संजीव कुमार, ओपी सिंह और अजय सिंघल भी DGP रैंक के अधिकारी हैं।

DGP Haryana : हरियाणा सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों आलोक मित्तल और अरशिंदर सिंह चावला को पुलिस महानिदेशक (DGP) के पद पर पदोन्नत कर दिया है। राज्य की गृह सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। इन दो वरिष्ठ अधिकारियों के पदोन्नत होने के बाद, हरियाणा में अब DGP रैंक के अधिकारियों की कुल संख्या बढ़कर सात हो गई है।
डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी (DPC) की बैठक में 10 अक्टूबर को दोनों अधिकारियों को DGP पद पर पदोन्नत करने की मंजूरी दी गई थी। पदोन्नति के साथ ही, दोनों अधिकारी अब हरियाणा के अगले DGP बनने की दौड़ में शामिल हो गए हैं।

DGP बनने की रेस हुई दिलचस्प
DGP रैंक पर पदोन्नत हुए इन दो अधिकारियों के अलावा, राज्य में वर्तमान में मोहम्मद अकील, शत्रुजीत कपूर, संजीव कुमार, ओपी सिंह और अजय सिंघल भी DGP रैंक के अधिकारी हैं।
हाल ही में, वाई पूरण कुमार आत्महत्या मामले के बाद DGP शत्रुजीत कपूर के छुट्टी पर जाने के दौरान, आलोक मित्तल को DGP बनाए जाने की चर्चाएं जोरों पर थीं। हालांकि, राज्य सरकार ने तब ओपी सिंह को कार्यवाहक DGP नियुक्त किया था।
अगले DGP की संभावनाएं
आलोक मित्तल और अरशिंदर सिंह चावला की पदोन्नति के बाद, राज्य के अगले पुलिस प्रमुख के नाम को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
ओपी सिंह का कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। यदि उन्हें सेवा विस्तार नहीं मिलता है।
यदि वर्तमान DGP शत्रुजीत कपूर अपनी छुट्टी से वापस नहीं लौटते हैं।
ऐसी स्थिति में, आलोक मित्तल और अरशिंदर सिंह चावला अगले DGP बनने के प्रमुख दावेदार होंगे।
वर्तमान जिम्मेदारियां और कार्यकाल
आलोक मित्तल वर्तमान में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (Vigilance and Anti-Corruption Bureau) के प्रमुख हैं और उनका कार्यकाल 30 जून 2029 तक है।
अरशिंदर सिंह चावला पुलिस अकादमी मधुबन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनका रिटायरमेंट 30 सितंबर 2027 को निर्धारित है।













