South Haryana : दक्षिण हरियाणा में फिर दिग्गज आमने सामने, चेयरमैन पद बना नया विवाद !

South Haryana : दक्षिण हरियाणा में एक बार फिर से केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह और हरियाणा कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के बीच एक बार फिर से राजनीतिक खींचतान दिखाई दे रही है । हालांकि दोनों नेताओं के बीच राजनैतिक नोंकझोंक किसी से छिपी नहीं है लेकिन इस बार नया विवाद जिला कष्ट निवारण समिति के चेयरमैन पद को लेकर होता दिख रहा है । ये कयास इसलिए लगाए जा रहे हैं क्योंकि हरियाणा सरकार द्वारा 14 मई और 16 मई को जिला कष्ट निवारण समिति के चेयरमैन की दो लिस्ट जारी की गई जिसमें राव नरबीर सिंह को पहले रेवाड़ी का जिम्मा सौंपा गया और दो ही दिन बाद उनका प्रभार बदल दिया गया ।

दो दिन में बदल दिया चेयरमैन

दरअसल 14 मई को सरकार द्वारा जिला कष्ट निवारण समिति के चेयरमैन की लिस्ट जारी की गई जिसमें कैबिनेट मिनिस्टर राव नरबीर सिंह को रेवाड़ी और झज्जर जिले का चेयरमैन बनाया गया लेकिन 16 मई को ही दूसरी लिस्ट जारी की गई जिसमें रेवाड़ी जिला बदलकर राव नरबीर को हांसी जिले का जिम्मा सौंप दिया गया । कयास लगाए जा रहे हैं कि केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत के दखल के बाद राव नरबीर को रेवाड़ी का चेयरमैन पद बदल दिया गया ।

जिला कष्ट निवारण समिति नई टेंशन

हाल ही में दोनों नेताओं के बीच थमी जुबानी जंग के बाद सभी को लगा कि राव इंद्रजीत सिंह और राव नरबीर सिंह के बीच विवाद खत्म हो गया है लेकिन अचानक हुए इस घटनाक्रम से एक बार फिर ऐसी चर्चाएं चलने लगी है कि दोनों नेताओं के बीच सब कुछ ठीक नहीं है । दरअसल रेवाड़ी जिला केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह का गढ़ माना जाता है ऐसे में चर्चाएं ये चल रही हैं कि राव नरबीर सिंह को रेवाड़ी जिला कष्ट निवारण समिति का चेयरमैन बनाना राव इंद्रजीत सिंह को रास नहीं आया और राव नरबीर सिंह को रेवाड़ी का प्रभार बदलवाकर हांसी जिला कर दिया गया ।

मानेसर मेयर को लेकर हुई खींचतान

आपको बता दें कि पिछले साल हुए मानेसर नगर निगम मेयर के चुनावों के दौरान दोनों नेताओं के बीच जंच जगजाहिर हो गई । चुनावों के दौरान कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने बीजेपी के प्रत्याशी सुंदर लाल सरपंच का खुला समर्थन किया तो वहीं निर्दलीय मैदान में खड़ी डॉ. इंद्रजीत कौर यादव अपने आप को केन्द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह का समर्थक बताती रहीं । चुनाव के दौरान राव नरबीर सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी इंद्रजीत कौर पर जमकर निशाना साधा और उनके खिलाफ जमकर प्रचार किया । डॉ. इंद्रजीत कौर द्वारा मेयर पद जीतने के बाद कुछ दिन पहले ही राव इंद्रजीत सिंह ने उनको बीजेपी ज्वाइन करा दी ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button