SIR In Haryana : हरियाणा में वोटर लिस्ट का SIR इस तारीख से होगा शुरु, जानिए वोटर लिस्ट में नाम रहे तो आपको क्या करना होगा ?

SIR In Haryana : हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) ए. श्रीनिवास ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) का कार्यक्रम जारी कर दिया है। प्रदेश में यह अभियान 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलेगा, जबकि 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
नई हरियाणा सिविल सचिवालय, सेक्टर-17, चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन घरों से एन्यूमरेशन फॉर्म (Enumeration Form) वापस नहीं मिलेंगे, वहां बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) पड़ोसियों से जानकारी लेकर “अनुपस्थित”, “स्थानांतरित”, “मृत” या “डुप्लीकेट” जैसी संभावित वजह दर्ज करेंगे। BLO को ऐसे घरों पर कम से कम तीन बार दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मतदाता सूची से नाम गायब होने पर सार्वजनिक होगी जानकारी
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल नहीं होंगे, उनकी बूथवार सूची इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) कार्यालय, पंचायत भवन, शहरी निकाय कार्यालय और ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी।
इसके साथ ही संबंधित कारण भी सार्वजनिक किए जाएंगे, ताकि मतदाता अपने नाम की स्थिति जांच सकें। निर्वाचन आयोग ने सभी मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन सूचियों को संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) और CEO की वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाए।
नए मतदाताओं के लिए BLO साथ रखेंगे फॉर्म-6
घर-घर सर्वे के दौरान BLO को 30 से 40 खाली फॉर्म-6 और घोषणा पत्र (Annexure-IV) साथ रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि नए मतदाताओं का नाम आसानी से जोड़ा जा सके। BLA भी मतदाताओं से फॉर्म लेकर BLO को जमा करवा सकेंगे । मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (BLA)-1 और BLA-2 नियुक्त करने की अपील भी की। अब तक CEO कार्यालय को 14,520 BLA की जानकारी मिली है। इनमें बीजेपी के 6,438, कांग्रेस के 7,704, CPI(M) के 165, अन्य दल के 213 BLA हैं ।
हरियाणा में 2002 के बाद पहली बार होगा SIR
ए. श्रीनिवास ने बताया कि हरियाणा में पिछला स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) वर्ष 2002 में हुआ था । 15 जून 2026 से मतदाता आधिकारिक वेबसाइट से एन्यूमरेशन फॉर्म डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा प्रत्येक जिला मुख्यालय और विधानसभा क्षेत्र में 1950 हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया गया है, जो सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक दो शिफ्टों में संचालित होगा।
यदि घर-घर सर्वे के दौरान कोई मतदाता घर पर मौजूद नहीं मिलता है, तो परिवार का कोई भी वयस्क सदस्य फॉर्म पर हस्ताक्षर कर उसे BLO को जमा कर सकता है।
हरियाणा में वोटर डेटा में 18% तक त्रुटियां
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि हरियाणा के मतदाता डेटा में करीब 18 प्रतिशत लॉजिकल त्रुटियां हैं, जिनमें नाम की गलत स्पेलिंग और अन्य त्रुटियां शामिल हैं । 21 मई 2026 तक हरियाणा में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 2,06,52,760 है, जबकि कुल मतदान केंद्रों की संख्या 20,629 है। अब तक 1,32,51,717 मतदाताओं की इलेक्ट्रोरल मैपिंग पूरी हो चुकी है, जो कुल मतदाताओं का 64.16 प्रतिशत है।
मतदाता मैपिंग में फतेहाबाद सबसे आगे, गुरुग्राम और फरीदाबाद पीछे
मतदाता मैपिंग में फतेहाबाद (86.56%) पहले स्थान पर है। इसके बाद चरखी दादरी – 82.36%, सिरसा – 80.82%, कैथल – 78.59%, महेंद्रगढ़ – 77.20%, नूंह – 77.01%, भिवानी – 76.61%, यमुनानगर – 75.81%, रेवाड़ी – 74.98%, हिसार – 73.82%, जींद – 71.93%, हैं वहीं दूसरी ओर कुरुक्षेत्र – 69.71%, करनाल – 68.13%, पलवल – 67.04%, झज्जर – 64.07%, अंबाला – 63.45%, रोहतक – 59.72%, पानीपत – 58.88%, सोनीपत – 58.39%, पंचकूला – 51.20%, गुरुग्राम – 35.06%, फरीदाबाद – 29.66% हैं ।
हाईराइज सोसायटी में BLO की एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारियों और उपायुक्तों को निर्देश दिए गए हैं कि विशेष रूप से गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और पंचकूला की हाईराइज और गेटेड सोसायटी में BLO की पहुंच सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR अभियान में लगे अधिकारियों पर किसी प्रकार का अनावश्यक दबाव नहीं डाला जाएगा और पूरे अभियान को सुचारू रूप से पूरा किया जाएगा। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार DEO, ERO और AERO जैसे पद खाली नहीं रखे जाएंगे और SIR कार्य में लगे अधिकारियों का बिना आयोग की अनुमति के तबादला नहीं होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ऋतु, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी राज कुमार लोहान सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।