Sad News: गुरुग्राम के होटल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्‍ध मौत: जकूजी में मिला शव, जून में होने वाली थी शादी

:UK की मल्टीनेशनल कंपनी में इंजीनियर थे 35 वर्षीय प्रांजिल पाठक; मंगेतर के साथ शॉपिंग के लिए आए थे भारत, कमरे से मिली दवा की गोलियां, विसरा रिपोर्ट खोलेगी राज।

Sad News/गुरुग्राम
साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-53 स्थित एक होटल में यूनाइटेड किंगडम (UK) से भारत लौटे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला (Sad News) सामने आया है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय प्रांजिल पाठक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा (ओल्ड ईदगाह कॉलोनी) के रहने वाले थे और मैनचेस्टर में यूके की एक प्रतिष्ठित मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत थे। इस दर्दनाक हादसे (Sad News) ने दोनों परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया है, क्योंकि आगामी जून महीने में ही उनकी शादी होने वाली थी।

Sad News (File Photo)
मृतक प्रांजिल का फाइल फोटो

Sad News : ऋषिकेश से लौटने के बाद ठहरा था होटल

प्रांजिल हाल ही में अपनी शादी की तैयारियों, कपड़ों की शॉपिंग और परिजनों से मिलने के लिए यूके से विशेष तौर पर भारत आए थे। पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह हाल ही में उत्तराखंड के ऋषिकेश में छुट्टियां बिताकर लौटे थे। सोमवार को वे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अपने एक दोस्त को फ्लाइट बोर्ड कराने गए थे। इसके बाद, नाइट स्टे के लिए उन्होंने सेक्टर-53 स्थित ओरसम होटल में कमरा नंबर 302 बुक किया था।

Sad News (Hotel)
गुरुग्राम के इसी होटल के रूम में प्रांजिल मृत हालत में मिला।

देर रात जब होटल के स्टाफ को किसी अनहोनी का अंदेशा हुआ, तो कमरे की जांच की गई। वहां बाथरूम में बने जकूजी (बाथटब) के पानी में प्रांजिल अचेत अवस्था में पड़े मिले। तुरंत डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Sad News : CCTV और कमरे के अंदर की स्थिति

सूचना मिलते ही सेक्टर-53 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर दिया। पुलिस ने होटल की तीसरी मंजिल और एंट्री-एग्जिट प्वाइंट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच अधिकारी के अनुसार, प्रांजिल के कमरे में जाने के बाद किसी भी बाहरी व्यक्ति के अंदर आने की पुष्टि नहीं हुई है और कमरा अंदर से पूरी तरह लॉक था।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम की गहन छानबीन के दौरान कमरे से एक दवा का रैपर भी बरामद हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया कि इस रैपर में कुल 10 गोलियां थीं, जिनमें से 6 का इस्तेमाल किया जा चुका था और 4 गोलियां बची हुई थीं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह दवा किस बीमारी से जुड़ी थी, क्या इसे प्रांजिल ने खुद लिया था और क्या इसका हार्ट अटैक से कोई सीधा संबंध है? दवा के रैपर और बची हुई गोलियों को रासायनिक परीक्षण के लिए सरकारी लैब में भेज दिया गया है।

Sad News : वैलेंटाइन डे पर किया था प्रपोज, जून में थी शादी

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, प्रांजिल और उनकी मंगेतर पिछले चार साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों यूके (लंदन) की एक ही प्रतिष्ठित आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे थे। इसी साल 14 फरवरी (वैलेंटाइन डे) को प्रांजिल ने अपनी साथी को शादी के लिए प्रपोज किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया था।

मंगेतर मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता की रहने वाली हैं और शादी की शॉपिंग के लिए वह भी भारत आई हुई थीं। शादी से ठीक पहले हुए इस हादसे ने मंगेतर और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रांजिल अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी एक बड़ी बहन हैं, जो अपने परिवार के साथ कनाडा में रहती हैं और भाई की मौत की खबर मिलते ही भारत के लिए रवाना हो चुकी हैं। इकलौते बेटे की इस तरह अचानक हुई मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।

Sad News : विसरा रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

जांच अधिकारी अजय ने बताया कि डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमॉर्टम के बाद प्राथमिक तौर पर मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) बताई है, लेकिन मौत के सटीक कारणों और परिस्थितियों को पूरी तरह स्पष्ट करने के लिए विसरा को फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) भेज दिया गया है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, प्रांजिल के मेडिकल इतिहास और मंगेतर के बयानों को आधार बनाकर मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button
Created with ❤