Sad News: मनाली में गुरुग्राम के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; खाई में कार गिरने से मां और 11 महीने के मासूम की मौत
रोहतांग-कोकसर मार्ग पर झरने के पास फोटो खिंचवाते समय हुआ हादसा, ढलान पर अचानक पीछे लुढ़क गई गाड़ी

Sad News : गर्मियों की छुट्टियां मनाने और पहाड़ों की ठंडी वादियों का लुत्फ उठाने मनाली गया गुरुग्राम का एक परिवार कभी न भूलने वाला दर्द लेकर लौटा है। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध रोहतांग-कोकसर मार्ग पर एक झरने के पास फोटो खिंचवाने के दौरान हुए भयानक हादसे में गुरुग्राम (भोंडसी) की एक महिला और उसके महज 11 महीने के बेटे की जान चली गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके और भोंडसी स्थित उनके निवास पर मातम पसरा हुआ है।
तस्वीरें खिंचवा रहा था परिवार, कार में बैठी थीं मां-बेटा (Sad News)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुग्राम के भोंडसी स्थित सियाराम एन्क्लेव के रहने वाले दीपक कुमार सिंह मंगलवार रात को अपने परिवार के साथ मनाली के लिए रवाना हुए थे। बुधवार दोपहर को जब उनका परिवार रोहतांग-कोकसर मार्ग पर स्थित एक सुरम्य झरने के पास पहुंचा, तो वे सब वहां की खूबसूरती देखने के लिए रुक गए।
तनु कुमारी (26 वर्ष) अपने 11 महीने के छोटे बेटे दक्ष कुमार सिंह के साथ कार के अंदर ही बैठी हुई थीं। जबकि उनके पति दीपक कुमार सिंह, साले अमन सिंह, मां सविता देवी और उनका 5 वर्षीय बड़ा बेटा गाड़ी से बाहर खड़े होकर तस्वीरें खिंचवा रहे थे।
अचानक काल बनकर पीछे की ओर लुढ़की कार (Sad News)
तभी अचानक ढलान पर खड़ी कार बिना किसी चेतावनी के पीछे की ओर सरकने लगी। बाहर खड़े परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते या गाड़ी को रोकने का प्रयास करते, उससे पहले ही कार अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरी। आंखों के सामने ही पल भर में खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। हादसे में कार के भीतर मौजूद तनु और उनके दुधमुंहे बच्चे दक्ष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस (Sad News)
स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शवों को खाई से बाहर निकाला गया। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि ढलान पर हैंडब्रेक ठीक से न लगे होने या न्यूट्रल होने की वजह से यह हादसा हुआ होगा। फिलहाल हिमाचल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि कार अचानक पीछे कैसे लुढ़की। इस दुखद घटना ने एक बार फिर पहाड़ी रास्तों पर वाहन पार्क करते समय बरती जाने वाली सावधानियों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।