Road Rage : गाड़ी टच होने पर रिटायर्ड कर्नल पर हमला, बीयर की बोतल से तोड़ी गाड़ी, 5 गिरफ्तार

कर्नल अनिल यादव को उनकी ही कार से बाहर खींचा और लात-घूंसों व स्टील की बोतल से हमला कर दिया। उनके सिर चेहरे और माथे पर गंभीर चोटें आईं।

Road Rage : दिल्ली से सटे गुरुग्राम में रोडरेज की रूह कपा देने वाली वारदात सामने आई है। नशे में धुत आधा दर्जन युवकों ने भारतीय सेना के सेवानिवृत्त कर्नल अनिल यादव पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हैरानी की बात यह है कि घटना के दो दिन बाद तक पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, लेकिन जब सोशल मीडिया (X) पर पीड़ित के दोस्त ने आवाज उठाई, तब प्रशासन हरकत में आया। सेक्टर-50 थाने में मामला दर्ज कर सोमवार को पांच आरोपियों को दबोच लिया।

50 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्नल अनिल यादव ने पुलिस को बताया कि 21 फरवरी की रात वह अपने बीमार पिता को अस्पताल से घर छोड़कर अकेले सेक्टर-60 स्थित आवास की ओर जा रहे थे। वाटिका चौक के पास उनकी कार आगे चल रही एक गाड़ी से मामूली रूप से टच हो गई। कर्नल ने तुरंत ब्रेक लगाए और नुकसान की भरपाई का आश्वासन भी दिया, लेकिन दूसरी कार से उतरे छह युवक खून-खराबे पर उतारू हो गए।

आरोपियों ने कर्नल अनिल यादव को उनकी ही कार से बाहर खींचा और लात-घूंसों व स्टील की बोतल से हमला कर दिया। उनके सिर चेहरे और माथे पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में डालने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहने पर डरा-धमका कर 20 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए और मौके से फरार हो गए।

सोशल मीडिया पर ‘X’ पोस्ट के बाद जागी पुलिस

पीड़ित कर्नल फिलहाल निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के द्वारा कार्रवाई नही की गई। सोमवार सुबह साढ़े दस बजे उनके दोस्त रिटायर्ड कर्नल रोहित यादव ने सोमवार सुबह ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक लंबा पोस्ट लिखकर पुलिस की सुस्ती पर सवाल उठाए। इस पोस्ट को 50 हजार से ज्यादा लोगों ने देखा, जिसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने संज्ञान लिया और अस्पताल पहुंचकर कर्नल के बयान दर्ज किए। सेक्टर-50 थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से कुछ ही घंटों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान पंकज (23), विकास (21), निखिल (21), साहिल (22) और अंकित (22) के रूप में हुई है। ये सभी रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के रहने वाले हैं और बादशाहपुर में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। आरोपियों में तीन निजी कंपनी के कर्मचारी हैं और दो छात्र हैं।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button